रूपल तोमर ने तीन स्वर्ण सहित पांच पदक किए अपने नाम, मालती और मीनाक्षी तिवारी ने भी दिखाया दमखम; एसपी ने प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित

उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक खेल प्रतियोगिता (एथलेटिक्स एवं साइक्लिंग)-2026 में जालौन पुलिस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में कई पदक और स्थान हासिल किए हैं। फतेहगढ़ और लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिताओं में जिले के पुलिसकर्मियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।

इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने सभी विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता में आरक्षी महेश यादव ने फतेहगढ़ में 42 किलोमीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता। आरक्षी प्रदीप यादव ने 4×100 मीटर रिले में रजत और लंबी कूद में कांस्य पदक प्राप्त किया। आरक्षी मनोज कुमार और आरक्षी मो. समीर भी 4×100 मीटर रिले में रजत पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे।

महिला खिलाड़ियों में मीनाक्षी तिवारी ने 4×400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा 4×100 मीटर रिले और 15 किलोमीटर साइक्लिंग में कांस्य पदक हासिल किया। मालती ने 4×400 मीटर रिले में स्वर्ण, 1500 मीटर दौड़ में रजत तथा डिस्कस थ्रो और 4×100 मीटर रिले में कांस्य पदक जीते। उन्होंने लखनऊ में आयोजित 400 मीटर बाधा दौड़ में भी कांस्य पदक हासिल किया।

रूपल तोमर का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। उन्होंने फतेहगढ़ में 100 और 200 मीटर दौड़ के साथ 4×400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीते। 4×100 मीटर रिले में कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा लखनऊ में आयोजित 800 मीटर दौड़ में भी तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

जालौन पुलिस के इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों से पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply