‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी’ अभियान के तहत किसान को 50 हजार की सहायता, सफाई कर्मचारी और कृषक उपहार योजना के लाभार्थी का भी सम्मान
जालौन। कृषि उत्पादन मंडी समिति जालौन में ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी’ अभियान के अंतर्गत दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूरे मंडी परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और दीप प्रज्वलित कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नेहा-पुनीत मित्तल, भारतीय किसान संघ के प्रांत अध्यक्ष साहब सिंह चौहान, गल्ला व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम दास गुप्ता, मंत्री श्यामू गुर्जर और कोषाध्यक्ष मोहन कुशवाहा उपस्थित रहे।
इस दौरान किसानों को मंडी परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कृषक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। खेत-खलिहान योजना के अंतर्गत किसान राम पुत्र बदलू को 50 हजार रुपये की सहायता का चेक प्रारूप प्रदान किया गया। वहीं, कृषक उपहार योजना के लाभार्थी दिनेश कुमार को पंपिंग सेट का प्रमाण पत्र सौंपा गया। मंडी परिसर में बेहतर साफ-सफाई रखने के लिए सफाई कर्मचारी माया देवी को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडी समिति के सभापति राकेश कुमार सोनी ने की। मंडी सचिव अंकित गुप्ता सहित मंडी के कर्मचारी, किसान और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मंडी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने का संकल्प लिया।






Leave a Reply