राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा पत्र, प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री ने जनभावनाओं के अनुरूप छुट्टी घोषित करने का किया अनुरोध
लखनऊ। दीपावली पंचमहोत्सव के दो प्रमुख पर्व नरक चतुर्दशी और गोवर्धन पूजा पर उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग उठी है। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश (प्राथमिक संवर्ग) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर 7 नवंबर को नरक चतुर्दशी और 10 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा के अवसर पर पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया है।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर सिंह और प्रदेश महामंत्री प्रदीप तिवारी की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि भारतीय सनातन संस्कृति और परंपरा में दीपावली पंचमहोत्सव का विशेष आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व है। धनतेरस से भाईदूज तक यह पर्व पूरे प्रदेश में श्रद्धा और उल्लास के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों से मनाया जाता है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि महासंघ ने पत्र में उल्लेख किया है कि दोनों पर्वों पर कार्यदिवस होने से प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और सरकारी कार्मिकों को परिवार के साथ त्योहार मनाने तथा अपने गृह जनपद पहुंचने में व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
महासंघ ने मुख्यमंत्री से जनभावनाओं, सांस्कृतिक परंपराओं और आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए दोनों तिथियों पर पूरे उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है।






Leave a Reply