पल्सर बाइक से दिया था वारदात को अंजाम, झांसी और जालौन के थानों में दर्ज हैं 11 मुकदमे

उरई (जालौन)। एट थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार होकर 50 हजार रुपये की लूट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट की रकम में से 13,200 रुपये, वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी का झांसी और जालौन के विभिन्न थानों में दर्ज 11 मुकदमों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को कपिल राजपूत ने थाना एट में तहरीर देकर बताया था कि 29 अक्टूबर की रात करीब 7:45 बजे मोटरसाइकिल से पीछे से आए एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे 50 हजार रुपये छीन लिए और फरार हो गया। इस मामले में थाना एट में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान मुकदमे में लूट की धारा 309(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ और पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के पर्यवेक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में एट पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान 6 नवंबर को लपरौना नहर की पुलिया के पास, ग्राम हरदुआ के निकट पुलिस ने भरतलाल कबूतरा को गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से झांसी जिले के एरच थाना क्षेत्र के जखनवारा गांव का निवासी है और वर्तमान में कोटरा कस्बे में रह रहा था।

पुलिस ने उसके पास से 13,200 रुपये नकद, लूट में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। तमंचे की बरामदगी के संबंध में थाना एट में शस्त्र अधिनियम के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।

11 मुकदमों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जालौन और झांसी जिले के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, बरामदगी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम से संबंधित कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 से 2026 तक के मामले शामिल हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष एट शिवशंकर सिंह और उनकी पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply