उरई, 13 फरवरी।
‘‘सड़क सुरक्षा माह’’ के अंतर्गत शुक्रवार को झांसी परिक्षेत्र के उप परिवहन आयुक्त के.डी. सिंह गौर ने जनपद में औचक निरीक्षण कर सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान एआरटीओ प्रवर्तन सुरेश वर्मा एवं उनकी टीम के साथ मिलकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों, बिना सीट बेल्ट चारपहिया चालकों, ओवरस्पीडिंग करने वालों तथा बकाया कर न जमा करने वाले वाहन स्वामियों की विशेष जांच की गई। इस दौरान कुल 55 वाहनों का चालान किया गया, जिनमें अधिकांश मामले बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और तेज गति से वाहन चलाने से जुड़े रहे।
औचक निरीक्षण के दौरान सड़कों पर चल रहे वाहनों की गहन जांच की गई। प्रवर्तन दल ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की।
उप परिवहन आयुक्त के.डी. सिंह गौर ने बताया कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति नजदीक होने के कारण राजस्व लक्ष्य की पूर्ति के लिए बकाया कर वसूली पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषय पर भी किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनपद में नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रखी जाएगी, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
परिवहन विभाग की इस सख्ती से वाहन चालकों में हड़कंप देखा गया, वहीं नियमों का पालन करने वालों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।








Leave a comment