सड़क किनारे अवैध मौरंग धुलाई केंद्र चलने का आरोप, हादसे के वक्त कतार में खड़े थे करीब 20 डंपर

सिरसाकलार (जालौन)। जोल्हूपुर-मदारीपुर मार्ग पर जहटौली गांव के पास शनिवार रात करीब 10 बजे भीषण सड़क हादसे में वैन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉले से बचने के प्रयास में वैन सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क किनारे खड़े डंपरों के गायब होने पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां खड़े डंपर लेकर लोग फरार हो गए।

मृतक की पहचान ग्राम जखा निवासी इंद्रसेन चौहान उर्फ टिकल (30) के रूप में हुई है। वह खेती करने के साथ वैन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार रात वह बुकिंग पर सवारियां छोड़ने के बाद अकेले अपने गांव लौट रहा था। जहटौली के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉले से बचने के प्रयास में उसकी वैन बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। टक्कर में इंद्रसेन की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क किनारे कतार में खड़े थे करीब 20 डंपर

ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क किनारे निजी नलकूपों पर पिछले तीन-चार दिनों से मौरंग धुलाई केंद्र संचालित हो रहे थे। हादसे के समय वहां करीब 20 डंपर कतार में खड़े थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉलों और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण हादसे का खतरा बना हुआ था। हादसे के बाद धुलाई केंद्र से जुड़े लोग पुलिस के पहुंचने से पहले ही डंपर लेकर निकल गए।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी वरुण प्रताप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से वैन में फंसे चालक के शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही सड़क किनारे खड़े डंपरों के चले जाने को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

इंद्रसेन की मौत की खबर मिलते ही ग्राम जखा में परिजनों के बीच कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply