जालौन।
नगर के मोहल्ला खंडेराव स्थित नवीन गल्ला मंडी के पास शुक्रवार को एक खुले कुएं में गाय गिर जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए और गाय को बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए।
स्थानीय लोगों ने रस्सियों की मदद से कई बार गाय को कुएं से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन हर बार रस्सी टूट जाने से प्रयास सफल नहीं हो सके। काफी देर तक मशक्कत के बाद भी जब गाय को बाहर नहीं निकाला जा सका तो मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका को सूचना दी।
सूचना मिलने पर गौ रक्षा दल के सदस्य सुलखान यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने खुद कुएं में उतरकर रस्सी के सहारे गाय को बांधकर बाहर निकालने का प्रयास किया।
करीब एक घंटे तक लगातार कोशिशें की गईं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक गाय को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता नहीं मिल सकी थी। फिलहाल मौके पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है और गाय को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं।







Leave a comment