ब्लॉक कार्यालय में कमीशनखोरी के आरोप पर हंगामा, पांच लाख रुपये को लेकर विवाद

जालौन।
नगर स्थित जालौन ब्लॉक कार्यालय परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब विकास कार्यों के भुगतान में कथित कमीशनखोरी को लेकर जमकर हंगामा हो गया।

जानकारी के अनुसार ब्लॉक परिसर में कई ग्राम प्रधानों के भुगतान को लेकर 15 प्रतिशत कमीशन मांगे जाने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि जिन प्रधानों ने कथित रूप से यह कमीशन नहीं दिया, उनके भुगतान रोक दिए गए, जिससे नाराज प्रधान प्रतिनिधियों ने ब्लॉक परिसर में विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

मामले में एक ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और ब्लॉक की एक महिला लेखाकार के बीच करीब पांच लाख रुपये की रिश्वत को लेकर विवाद सामने आया है। प्रधान प्रतिनिधि का आरोप है कि विकास कार्यों के भुगतान से पहले 15 प्रतिशत कमीशन लिया जाता है, तभी भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है।

सूत्रों के मुताबिक विवाद के दौरान टेबल पर रखे करीब पांच लाख रुपये एक व्यक्ति उठाकर मौके से फरार हो गया। यह भी बताया जा रहा है कि ब्लॉक परिसर से बाहर निकलते समय उस व्यक्ति ने रास्ते में कुछ रुपये उड़ा दिए, जिससे यह घटना पूरे नगर में चर्चा का विषय बन गई।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने जिलाधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच की मांग की है। जब इस संबंध में ब्लॉक परिसर में मौजूद कर्मचारियों से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो अधिकांश कर्मचारियों ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

फिलहाल उत्तर प्रदेश पुलिस की स्थानीय टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a comment