भौतिक सत्यापन में सामने आईं खामियां, अंतिम छोर तक जलापूर्ति और सुबह-शाम पानी देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा

जालौन। जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल परियोजना की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के सख्त निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यह योजना सीधे जनस्वास्थ्य और जनसुविधा से जुड़ी है, इसलिए इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने मेसर्स जीबीपीआर लिमिटेड और बीजीसीसी लिमिटेड को मैनपावर एवं मशीनरी बढ़ाकर कार्यों की गति तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद की तीनों सतही स्रोत आधारित पेयजल योजनाओं के सभी घटकों और संरचनाओं पर पर्याप्त संसाधन लगाकर काम युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुचारु जलापूर्ति का लाभ मिल सके।

भौतिक सत्यापन में मिलीं खामियां

जिलाधिकारी ने बताया कि हर घर जल से संतृप्त घोषित गांवों का अधिकारियों से भौतिक सत्यापन कराया गया। इस दौरान कुछ स्थानों पर अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचने और कुछ घरों को जल कनेक्शन नहीं मिलने जैसी कमियां सामने आईं। उन्होंने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र घर तक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए और ग्रामीणों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार सुबह-शाम पानी उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि जिन गांवों में जलापूर्ति शुरू हो चुकी है, वहां हर घर जल प्रमाणन की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी कराई जाए। साथ ही जल रिसाव और सड़क की मरम्मत (रोड रेस्टोरेशन) से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष टीमें गठित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

क्लोरीनेशन से लेकर जल दबाव तक की होगी जांच

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांवों में जल कनेक्शन, पाइपलाइन में पानी के दबाव, क्लोरीनेशन, जल रिसाव और अंतिम छोर तक आपूर्ति की नियमित भौतिक समीक्षा की जाए। जहां भी कोई कमी मिले, उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाए। उन्होंने गुणवत्ता युक्त पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में अधिशासी अभियंता अचल गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply