बुके भेंटकर किया सम्मानित, थानों में पत्रकारों के साथ मासिक समन्वय बैठकें फिर शुरू कराने की रखी मांग

उरई (जालौन)। जिला ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नवागत पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने बुके भेंटकर उन्हें सम्मानित किया और पत्रकारों की समस्याओं, सुरक्षा तथा पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अंजनी कुमार सोनी के नेतृत्व में संरक्षक एवं हिंदी दैनिक ग्रामीण सुबह के संपादक शालिगराम पाण्डेय, जिला महामंत्री रामनरेश द्विवेदी और जिला महासचिव अमन नारायण अवस्थी ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की।

बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने जिले के सभी थानों में पूर्व की भांति पत्रकारों के साथ मासिक समन्वय बैठकें दोबारा शुरू कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि पहले प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को थानों में पत्रकारों और पुलिस के बीच समन्वय बैठक आयोजित की जाती थी। इन बैठकों से स्थानीय पत्रकारों और पुलिस अधिकारियों के बीच संवाद बना रहता था तथा क्षेत्र की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा का अवसर मिलता था।

पदाधिकारियों ने आग्रह किया कि इस व्यवस्था को पुनः शुरू कराया जाए, ताकि पुलिस और पत्रकारों के बीच नियमित संवाद कायम रहे। इससे सूचनाओं के आदान-प्रदान, स्थानीय समस्याओं को समझने और जनहित के मामलों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में मदद मिलेगी।

पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पत्रकारों की समस्याओं और उनकी सुरक्षा से जुड़े विषयों को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने पुलिस एवं पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। पुलिस और पत्रकारों के बीच सकारात्मक संबंध तथा नियमित संवाद रहने से जनसमस्याओं को बेहतर ढंग से समझने और उनके समाधान की दिशा में काम करने में मदद मिलती है।

Leave a Reply