माधौगढ़- मुख्य बाजार में जल जीवन मिशन के तहत की गई खुदाई अब लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। गोविंद धाम से लेकर फल चौराहे तक सड़क खोदकर छोड़ दिए जाने से राहगीरों, व्यापारियों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब एक महीने से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी। नियमानुसार पाइपलाइन डालने के बाद सड़क को जल्द दुरुस्त किया जाना चाहिए था, लेकिन विभाग की लापरवाही के चलते खुदी हुई सड़क अब तक बदहाल पड़ी है। सड़क पर बने गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ रास्ते के कारण बाइक सवार अक्सर संतुलन खोकर गिर रहे हैं। वहीं, बुजुर्गों के भी ठोकर लगने और गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। बाजार में आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों को भी रोजाना जोखिम उठाकर निकलना पड़ रहा है।

व्यापार मंडल के महामंत्री अजीत गुप्ता ने मामले की शिकायत संबंधित अधिकारी से फोन पर की थी। अधिकारी ने तत्काल सड़क को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, लेकिन इसके बावजूद अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। इससे स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

व्यापारियों अजीत गुप्ता,लला तिवारी,विनय,शिवकुमार राठौर,नीटू भदौरिया आदि का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण न केवल आम लोगों की सुरक्षा खतरे में है, बल्कि बाजार के कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत कर रास्ते को सुचारु नहीं किया गया, तो व्यापारी बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply