उरई, 10 नवंबर। जिलाधिकारी समीर ने मंगलवार को सरसौखी स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण कर संरक्षित गोवंशों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गौशाला परिसर का भ्रमण कर गोवंशों के रख-रखाव, चारा, पेयजल, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंशों को अपने हाथों से माला पहनाई और तिलक लगाकर गुड़, चना एवं केला खिलाया। गोवंशों के प्रति स्नेह और संवेदनशीलता का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि गोवंशों का संरक्षण और उनकी बेहतर देखभाल शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। गौशालाओं में संरक्षित प्रत्येक गोवंश को पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल और समय से पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि गौशाला परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा गोवंशों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए। बीमार और कमजोर गोवंशों को चिह्नित कर उनके उपचार एवं विशेष देखभाल की व्यवस्था की जाए। उन्होंने चारे की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि गौशाला केवल गोवंशों को आश्रय देने का स्थान नहीं, बल्कि उनकी सेवा, सुरक्षा और बेहतर देखभाल का केंद्र है। इसलिए संबंधित अधिकारी नियमित रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी गोवंश को परेशानी न हो।

इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित गौशाला से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply