ग्वालियर, 9 नवंबर। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद जयभान सिंह पवैया की पहल पर सामूहिक गोवर्धन पूजा महोत्सव का 25वां आयोजन सोमवार को भक्तिभाव और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। भगत सिंह नगर स्थित पवैया के निवास सेवापथ परिसर में आयोजित महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में पंचगव्य से निर्मित गोवर्धन जी के मनोहारी विग्रह का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन एवं आरती की गई। छप्पन भोग अर्पित करने के बाद गौपूजन हुआ। इस अवसर पर 1100 दीपों को स्वास्तिक की आकृति में प्रज्वलित किया गया। आतिशबाजी और गिरिराज धरण के जयघोषों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर जयभान सिंह पवैया ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति को परमेश्वर के रूप में पूजने और गौवंश के उपकारों के प्रति मनुष्य जाति की कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। त्योहारों की परंपरा भारत की समृद्धि और अखंडता के लिए आवश्यक है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पूजा और गौसेवा का संदेश देकर मानव समाज को प्रकृति के संरक्षण और जीवों के प्रति कृतज्ञता का मार्ग दिखाया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंदापुरकर ने कहा कि गिरिराज पूजा का संदेश है कि समाज संगठित होकर ही सभी संकटों और विपत्तियों पर विजय प्राप्त कर सकता है।
महोत्सव में सांसद भारत सिंह कुशवाह, अपैक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र यादव, पूर्व मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, जीडीए अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया, मेला प्राधिकरण अध्यक्ष अशोक जादौन, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक सुरेंद्र मिश्रा, विजय दीक्षित, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, स्वामी ऋषभदेवानंद, भाजपा प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पराशर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया सहित सुधीर गुप्ता, अभय चौधरी, रामवरण गुर्जर और मुन्नालाल गोयल समेत अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






Leave a Reply