जालौन। जनपद जालौन के माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महोई के पास सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। लिफ्ट कैनाल के सामने कार और बाइक की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरे।

इस हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सोमवार 9 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे की है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी माधौगढ़, थाना प्रभारी माधौगढ़ और चौकी प्रभारी बंगरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाकर पानी भरे गड्ढे से चारों लोगों को बाहर निकाला।

मृतकों की पहचान नृपेन्द्र सिंह (32), पार्थ (17) निवासी नया राम नगर, उरई तथा चार वर्षीय मासूम मानवी (पुत्री राहुल वर्मा, निवासी बरुआसागर, झांसी) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल आरती वर्मा (30), पत्नी राहुल वर्मा को पुलिस की पीआरवी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी उरई भेज दिए गए हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार मौके पर कानून व्यवस्था सामान्य है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply