एट (जालौन)। जालौन पुलिस के जुआ और सट्टा विरोधी अभियान के तहत एट थाना पुलिस ने ग्राम पचोखरा में छापेमारी कर जुआ खेलते छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी और ताश की गड्डियां बरामद की हैं। बरामद कुल रकम 1,17,100 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों के साथ अवैध शराब, जुआ और सट्टा रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एट थाना पुलिस को मुखबिर से ग्राम पचोखरा में जुआ खेले जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर मौके से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में नितिन कुमार पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम जखौली, नितेश कुमार पुत्र विजय सिंह निवासी मोहल्ला कोटरा मोड़ कस्बा एट, अनमोल पुत्र स्वर्गीय अजय कुमार निवासी ग्राम पचोखरा, रामजी पुत्र चन्द्र कुमार निवासी ग्राम जखौली, रामराजा पुत्र राघवेन्द्र शरण निवासी ग्राम पचोखरा तथा भानूप्रताप पुत्र रामस्वरूप निवासी ग्राम पचोखरा शामिल हैं।
पुलिस ने जुए की फड़ से 86,500 रुपये तथा अभियुक्तों की जामा तलाशी से 30,600 रुपये बरामद किए। इसके अलावा 52 ताश के पत्ते भी जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 1,17,100 रुपये की बरामदगी हुई।
इस मामले में थाना एट पर मु0अ0सं0 179/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष एट शिवशंकर सिंह पुलिस बल के साथ शामिल रहे।






Leave a Reply