उरई। सोशल मीडिया पर पुलिस आरक्षी का एक व्यक्ति से 500 रुपये लेते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने थाना नदीगांव में तैनात आरक्षी उपेन्द्र सिंह यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही थाना नदीगांव के थानाध्यक्ष राजकुमार को भी हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
बताया गया है कि आरक्षी उपेन्द्र सिंह यादव (नंबर 1728) का थाना नदीगांव के कंप्यूटर कक्ष में एक व्यक्ति से कथित रूप से 500 रुपये का नोट लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। इस मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने उत्तर प्रदेश पुलिस अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की दंड एवं अपील नियमावली 1991 के नियम 17(1)(क) के तहत निलंबन की कार्रवाई की। वीडियो से पुलिस विभाग की छवि धूमिल होने तथा पदीय कर्तव्यों एवं आचरण नियमावली के उल्लंघन के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि में आरक्षी को पुलिस लाइन उरई में निवास करना होगा। इसके अलावा बिना अनुमति अथवा अवकाश स्वीकृत कराए वह मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा।
इस प्रकरण के साथ ही पुलिस अधीक्षक ने प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव किया है। जनपदीय पुलिस स्थापना बोर्ड (डीपीईबी) की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार थाना नदीगांव के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक राजकुमार को पुलिस लाइन भेज दिया गया है, जबकि जेल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विवेक कुमार मिश्रा को नदीगांव का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक की इस त्वरित कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन, जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






Leave a Reply