झाँसी | भाजपा की महिला विधान परिषद सदस्य के पति के बागी सुरों ने चुनाव के मद्देनजर सांसद अनुराग शर्मा के लिए खतरे की घंटी बजा दी है | उनका एक विडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे सजातीयों को सांसद के खिलाफ भड़काते सुने जा रहे हैं हालांकि जालौन टाइम्स इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता | एम एल सी सदस्य पति से उक्त वीडियो के बारे में वर्जन लेने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन वे उपलब्ध नहीं हुए |
विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन मूल रूप से जालौन जिले की निवासी हैं | पहली बार वे सपा के नेत्रित्व से तार जोड़ कर राज्य के उच्च सदन में पहुंची थी | बाद में जब सपा सत्ता से अपदस्थ हो गयी तो पाला बदल कर वे भाजपा में आ गयी और एक बार फिर विधान परिषद में स्थान पाने में सफल रहीं |
रमा निरंजन के पति आर पी निरंजन झांसी में राजकीय पालीटेक्निक कालेज में प्रवक्ता रहे हैं इसलिए उन्होंने अपना एक आवास झांसी में भी बनबा रखा है | सेवा निवृत्त होने के बाद पत्नी के जन संपर्क का मोर्चा वे ही सम्हालते हैं |
उद्योगपति से सांसद बने अनुराग शर्मा के बारे में यह आम शिकायत है वे लोगों से जुड़ने के लिए उपलब्ध नहीं रह पाते | भाजपा नेतृत्व को भी इसके कारण सांसद के प्रति उनके क्षेत्र में लोगों में जबरदस्त असंतोष की खबर रही है जिसको देखते हुए आर पी निरंजन ने उनके स्थान पर पार्टी की उम्मीदवारी झटकने का प्रयास किया था लेकिन बुंदेलखंड के सामाजिक समीकरणों और अनुराग शर्मा के धन बल के ग्लैमर के कारण उनका टिकट कटना संभव नहीं हो पाया |
इसके चलते आर पी निरंजन बौखलाहट में आपा खो बैठे | उन्होंने टहरौली में सजातीयों के बीच एक सभा में अनुराग शर्मा को लक्ष्य करते हुए कहा कि वे साढे 4 वर्ष हमें गाली दें और अब वोट मागने लगें यह नहीं चलेगी | अगर उन्हें वोट लेना है तो हमारे यहाँ नाक रगड़े | अगर इस तरह का वायरल वीडिओ सही है तो आर पी निरंजन ने अनुराग विरोधी अपनी मुहिम को कुर्मी बिरादरीके स्वाभिमान से जोड़ने में कसार बाकी नहीं राखी है |
वैसे भी बुंदेलखंड में इस बार राजनीतिक हवा बदली हुई है | कभी यह इलाका बसपा का गढ़ था लेकिन वर्तमान चुनाव में इस अंचल की चारों सीटों पर अभी तक लड़ाई से बाहर नजर आ रही है और उसका कोर वोटर बहुतायत में इंडिया गठबंधन में शिफ्ट हो रहा है | झांसी में तो गठबंधन प्रत्याशी प्रत्याशी प्रदीप जैन को पीपुल्स कनेक्ट का महारथी माना जाता है जिसके चलते पहले दिन से ही उनका चुनाव अभियान चौकड़ी भर रहा है | हालांकि भाजपा के सूत्र कह रहे हैं कि आर पी निरंजन की कथित बयानबाजी अनुराग शर्मा के लिए वरदान साबित हो रही है | आर पी निरंजन के भाषण से भड़के ब्राह्मण अनुराग शर्मा के साथ लामबंद हो उठे हैं जिस्सयूनके चुनाव की फिजा बदलने के आसार बन गए हैं |