Milky_way_broken_European (1)उरई। कोंच रोड पर अज्ञात चोरों ने एक दुकान से शटर उठाकर लगभग डेढ़ लाख रुपये का माल पार कर दिया। पुलिस को घटना की सूचना देकर मुकदमा दर्ज कराने के लिए लिखित तहरीर सौंप दी गई है।
पटेल नगर कुर्मी काॅलौनी निवासी राजेश कुमार की मुस्कान कृषि केंद्र एवं मशीनरी स्टोर के नाम से कोंच रोड पर दुकान संचालित है। बीती रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखी 6 बैटरी ल्यूमनस और दो बैटरी एपीसी तथा एक इनवर्टर उठा लिया और चंपत हो गये। सुबह जब हाॅकर उनकी दुकान में अखबार डालने पहुंचा उस समय उसने शटर का ताला टूटा देखकर फोन पर उन्हें सूचना दी। मौके पर आने के बाद उन्हें चोरी की जानकारी हुई जिस पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए उन्होंने कोतवाली में प्रार्थना पत्र दे दिया है।
गौरतलब है कि दुकान से केवल दस कदम की दूरी पर पुलिस चैकी है जहां पर अपनी सज्जनता के लिए विख्यात और चोर, बदमाश व शरीफो सभी के साथ समान भाव रखने वाले ऋषभ कुमार सिंह इंचार्ज के रूप में सुशोभित हैं। रात में अधिक नींद आने की उनकी बीमारी का इलाज चल रहा है। इसके बावजूद चोरी का पता लगते ही उन्होंने राजेश कुमार की दुकान पर पहुंचकर उनकी मिजाजपुर्सी की और उन्हें ढांढस बंधाया कि ऊपर वाला किसी कारण से तुम्हारे यहां चोरी की लीला दिखाना चाहता था जो हो गई। लेकिन तुम अगर सब्र से काम लोगे तो वही ऊपर वाला एक दिन तुम्हारे लिए इस चोरी की पूर्ति तो कर ही देगा बल्कि इतना मालामाल कर देगा कि तुम्हें कल्पना न होगी। ऋषभ कुमार अपने हलके में आये दिन होने वाली चोरी के पीड़ितों को इसी तरह अध्यात्म बांटकर सुखी करते रहते हैं यानी उनके राज्य में चोर भी खुश हैं और पीड़ित भी। एसपी को अपने इस काबिल दरोगा का प्रमोशन करके सदर कोतवाली का इंस्पेक्टर बना देना चाहिए। तांकि पूरे शहर का हाल ऐसा ही हो जाये।

Leave a Reply