0 प्रशासन की कार्रवाई को अमानवीय ठहराया
0 रहने वालों को मिल चुका था वैध कब्जेदार का दर्जा
0 बर्षों से बिजली पानी और हाऊस टैक्स कराया जा रहा था जमा
उरई। मलिन बस्ती लहरियापुरवा में झोपड़ पटटी में रहने वाले मजदूरों को नगर पालिका प्रशासन द्वारा उजाड़े जाने की कार्रवाई के विरोध में बहुजन समाज पार्टी ने खुले आम झंडा उठा लिया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह शिरोमणि के नेतृत्व में पार्टी के दर्जनों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एडीएम को ज्ञापन देकर उक्त अमानवीय कदम के खिलाफ प्रशासन को आगाह किया।
लहरियापुरवा में बरसों से झोपड़ी बनाकर रह रहे मजदूर परिवारों को जेसीबी मशीन लगाकर उजाड़े जाने की कार्रवाई को लेकर प्रतिक्रिया शुरू हो गई है। बसपा ने पीड़ित परिवारों की अगुवाई करते हुए इस मुददे पर आंदोलन छेड़ दिया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शिरोमणि ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई न केवल अमानवीय है बल्कि गैर कानूनी भी है। जेसीबी मशीन चलाकर कच्चे-पक्के मकान ढहाने के पहले उनकों अपना सामान उठाने का मौका भी नही दिया गया। उन्होंने बताया कि सभी बाशिंदे कई वर्ष से बिजली का बिल और हाउस टैक्स व पानी का बिल आदि अदा कर रहे थे। इस तरह वे वैधानिक कब्जेदार बन गये थे। जिन्हें हटाने के नाम पर बर्बाद करके प्रशासन ने कानून की धज्जियां उड़ाई हैं। अगर इस बस्ती के बसने में प्रशासन की रजामंदी नही थी तो नगर पालिका ने यहां इंटरलाॅक, नाली आदि के कार्य कैसे कराये बसपा जिलाध्यक्ष ने पूछा।
प्रदर्शन के दौरान पहुंचे माधौगढ़ के विधायक संतराम कुशवाहा ने कहा कि कार्रवाई में सारा सामान टूटफूट जाने से सड़क पर आये बाशिंदों के सामने रहन-सहन तक की समस्या खड़ी हो गई है। लोग बच्चों समेत खुले आसमान के नीचे डेरा डाले हैं। जहां सर्दी के मारे उनका बुरा हाल है। बहुजन समाज पार्टी इसे बर्दास्त नही करेगी। राज्यपाल के नाम संबोधित उक्त ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रशासन को अविलंब मकानों को गिराने से रोका जाये। जिनके मकान ध्वस्त हो गये हैं उन्हें अपने आशियाने फिर से बनवाने के लिए मुआवजा दिया जाये। इस नादिरशाही के लिए जो अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदार हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाये। इस दौरान सचिन पलरा, रविकांत, मानसिंह पाल, रंजीत सिंह, शैलेष कुमार, उदयवीर सिंह, बृजेश जाटव, रविकांत गौतम, रविंद्र सिंह हरौली, रामदुलारे, दीपू बिनौरा, जिला पंचायत सदस्य अलताफ हुसैन, मनीष आनंद, दीपू द्विवेदी आदि भी उपस्थित थे।







Leave a Reply