0 ग्राम विकास अधिकारी संघ मे उठाई गई कई मांगें
उरई। ग्राम विकास अधिकारी संघ ने उनके कैडर पर अत्याधिक वर्कलोड को मुददा बनाते हुए इस संबंध में प्रशासन के लिए अल्टीमेटम जारी कर दिया है। संघ की बैठक विकास भवन स्थित कार्यालय में जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता की अध्यक्षता में हुई जिसका संचालन रामबिहारी वर्मा ने किया।
बैठक में प्रांतीय प्रतिनिधि रमेंश उदैनिया ने कहा कि ग्राम विकास अधिकारियों के पास 10 से 15 तक ग्राम पंचायतों का चार्ज है। जिनमें से कई ग्राम पंचायतें एक-दूसरे से 25 किलोमीटर तक की दूरी पर हैं। ऐसी विसंगतियों के रहते किस तरह सुचारू कार्य संचालन संभव हो सकता है। फिर भी प्रशासन और सरकार द्वारा विचार न करना सोचनीय है। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास अधिकारी इतना काम करते हैं लेकिन तब भी अधिकारियों की उनके प्रति कोई हमदर्दी नही है। जो वेतन विसंगतियों के निराकरण के लिए अभी तक कोई कार्रवाई न की जाने से उजागर है। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी को राहत देने के लिए मनरेगा में श्रमांश व सामग्री अंश का समय से भुगतान कराने की मांग की।
संघ के नेता रामबिहारी ने कहा कि ग्राम विकास अधिकारी सरकार की योजनाओं का फील्ड स्तर पर पूरी निष्ठा से प्रचार प्रसार करते हैं। लेकिन उन्हें मोटर साईकिल भत्ता की अदायगी नही की जा रही जो अन्यायपूर्ण है। न ही उन्हें अभी तक सीयूजी सिम दी गई है। बिना संसाधनों के बेहतर सेवा कैसे संभव हो सकती है। उन्होंने अपने साथी केशवकांत त्रिपाठी के निलंबन का मामला भी उठाया और इसे गैर जरूरी बताते हुए तत्काल उनकी बहाली पर जोर दिया। रामवरण ने कहा कि ग्राम विकास अधिकारी पद पर भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक की जाये। उनका वेतन ग्रेड 4600 रुपये निर्धारित की जाये।
बैठक में मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि सरकार उनके कैडर की मांगे पूरी न करके वायदा खिलाफी कर रही है। अब सरकार से आरपार की लड़ाई होगी। उन्होंने 23 फरवरी से राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद द्वारा प्रदेश स्तर पर की जाने वाली महाहड़ताल में सभी साथियों से शामिल होने की अपील की।
बैठक में रामकुमार, प्रमोद कुमार स्वर्णकार, हरीश राठौर, सतीश चंद्र वर्मा, मेहरबान सिंह, जितेंद्र दोहरे, अश्विनी गुबरेले, नौशाद अली, संजीव गुप्ता, सिकंदर सिंह, कृष्ण मुरारी, जगदंबा, पुष्पेंद्र त्रिपाठी, अजय गुप्ता, मनीष निरंजन, मनोज गौतम, अखिलेश शर्मा, विपिन गुप्ता, प्रहलाद राजपूत, शीलनिधि शुक्ला, लखन लाल शर्मा आदि उपस्थित रहे।







Leave a Reply