Milky_way_broken_European (1)उरई। राजकीय बालिका इंटर कालेज में सोमवार को हुई केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में जिलाधिकारी रामगणेश ने कहा कि हाई स्कूल इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा कड़ी निगरानी में कराई जायेगी। हर हाल में नकल को रोका जायेगा। केंद्रों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। जो लोग परीक्षा के दौरान गड़बड़ी करने का प्रयास करेंगे उनसे कड़ाई से निपटा जायेगा। शरारती तत्वों को सीधे जेल भेजा जायेगा। परीक्षा केंद्र पर वही लोग रह सकेंगे जिनके परिचय पत्र जारी किये गये होंगे। अन्य कोई व्यक्ति परीक्षा केंद्र में नहीं रहेगा। केंद्र व्यवस्थापक अपने यहां तैयारियां पूरी कर लें, समय बहुत कम बचा है। इसमें किसी तरह की लापरवाही न की जाये। किसी को कोई समस्या हो तो अवगत करा सकते हैं।
सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कालेज सभागार में हुई बोर्ड परीक्षा संबंधी बैठक में जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों से तैयारियों का विवरण तलब किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ होगी। किसी भी सूरत में नकल नहीं होने दी जायेगी। जो भी लोग गड़बड़ी करने या नकल में संलिप्त पाये जायेंगे उनको सीधे जेल भेजा जायेगा। किसी के साथ कोई रियायत नहीं की जायेगी। केंद्रों की सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इस बीच कुछ केंद्र व्यवस्थापकों ने सवाल उठाया कि हर वर्ष बोर्ड परीक्षा के दौरान पुलिस की व्यवस्था ठीक नहीं रहती है। पेपर शुरू होने के आधा घंटे बाद ही पुलिस केंद्र पर पहुंचती है। इस पर डीएम ने कहा कि इस बार कोई शिथिलता नहीं होने दी जायेगी। केंद्र व्यवस्थापक पूरी निर्भीकता के साथ परीक्षा करायें। केंद्रों में जो व्यवस्था की कमी हो तो उसे दूर करा लें क्योंकि समय कम है। साथ ही परीक्षा केंद्र के आसपास दो सौ मीटर की दूरी पर कोई भी बाहरी व्यक्ति को न फटकने दें। अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद खान ने कहा कि सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए जा चुके हैं कि समय से हर केंद्र पर पुलिस बल पहुंच जाये। पुलिस के अधिकारी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लगातार परीक्षा पर नजर रखेंगे। कोई भी परेशानी समझ में आये तो केंद्र व्यवस्थापक किसी भी अधिकारी के मोबाइल पर फोन करके सूचना दें। जल्दी से जल्दी पुलिस बल भेजा जायेगा। इसके साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन केंद्रों पर भी पर्याप्त सुक्षा की व्यवस्था कर दी गयी है। केंद्र व्यवस्थापक निर्भीकता के साथ परीक्षा करायें। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट पीके सक्सेना, एसडीएम कालपी गोरेलाल शुक्ला, एसडीएम जालौन प्रेमचंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र बाबू, बीएसए राजेश कुमार वर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply