विनायक स्कूल का कक्षा 4 का छात्र 10 दिन से है लापता
उरई। विगत डेढ़ सप्ताह पूर्व शहर के राठ रोड स्थित विनायक एकेडमी स्कूल में कक्षा 4 में पढ़ने वाले छात्र के लापता होने के बाद से लगभग 10 दिन गुजर जाने के उपरांत भी लापता छात्र का सुराग न लग पाया तो परिजनों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने अन्य लोगों के साथ मिलकर स्कूल के सामने जाम लगा दिया और स्कूल में बवाल काटकर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने लोगों को किसी तरह समझाया और बुझाया और कार्रवाई करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराकर जाम खुलवाया।
विदित हो कि विनायक एकेडमी में कक्षा 4 चार में पढ़ने वाला 10 वर्षीय बालक योगेंद्र प्रताप सिंह पुत्र अमर सिंह 5 फरवरी से लापता है, वह विदेह वाटिका के पास स्थित स्कूल के हास्टल में ही वह रहता था। हॉस्टल के चैकीदार हरनाम का कहना है कि वह शुक्रवार को योगेंद्र को स्कूल के भीतर छोड़कर आया था। परंतु शाम को वह हॉस्टल में लौटकर नहीं आया। स्कूल प्रशासन का कहना है कि योगेंद्र उस दिन कक्षा में उपस्थित ही नहीं हुआ था। पहले स्कूल प्रबंधन ने उसका पता लगाने की कोशिश की परंतु वह नहीं मिला। बाद में मुहम्मदाबाद में रहने वाले उसके मौसा लाखन सिंह राजपूत को सूचना दी गई मौसा लाखन सिंह के संरक्षण में ही योगेंद्र पढ़ाई कर रहा था । योगेंद्र अपने माता पिता की इकलौती संतान है। कई दिन बाद भी उसका पता नहीं चलने पर सोमवार को उसके परिवार वालों सब्र जबाव दे गया। परिवार वालों ने स्कूल का घेराव किया। पुलिस ने किसी तरह से समझा बुझाकर उन्हें शांत कराया। गुस्साये लोगों ने बाद में राठ रोड पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक हंगामा चला। प्रभारी निरीक्षक आलोक सक्सेना का कहना है कि बालक को खोजने की कोशिश की जा रही है, हालांकि अभी तक कोई सुराग हासिल नहीं हुआ है। कहीं बालक को किसी रंजिश के चलते तो अगवा नहीं किया गया है, इस बिंदु पर पुलिस जोर देकर जांच कर रही है।







Leave a Reply