उरई। कलेक्ट्रेट में आयोजित किसान दिवस में सिंचाई का मुद्दा छाया रहा। किसानों ने कहा कि कम से कम एक महीना के लिए नहरें चलाई जायें तभी फसल हो पायेगी। बारिश न होने के कारण फसलें सिंचाई मांग रही हैं। इसके साथ ही माधौगढ़ में किसानों की आरसी जारी करने पर भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने कड़ी नाराजगी प्रकट की। इस पर किसानों का आश्वासन दिया गया कि बैंक अधिकारियों से इस संदर्भ में बात की जायेगी। किसानों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर होगा। किसान परेशान न हों। नलकूपों की खराब स्थिति को लेकर टयूबवैल के दोनों डिवीजन के अधिशाषी अभियंताओं के वेतन रोकने के आदेश डीएम ने जारी कर दिये।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम सिंह लंबरदार ने कहा कि फसलों की सिचाई की आवश्यकता है। पानी के अभाव में फसल बर्बाद हो सकती हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान हो सकता है। जिसको देखते हुए नहरों का संचालन किया जाये। नहरें कम से कम एक माह के लिए चलाई जायें। इस पर जिलाधिकारी राम गणेश ने कहा कि 24 फरवरी को होने वाली सिचाई बंधु की बैठक में नहरों के संचालन की तिथि तय कर ली जायेगी। माधौगढ़ के तहसील अध्यक्ष ने बैंकों द्वारा किसानों की आरसी जारी करने का मुद्दा उठाते हुए आक्रोश व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि किसान पहले ही परेशानी से जूझ रहें ऊपर से बैंक ने आरसी जारी कर दी। किसानों के पास इस समय पेट भरने के लिए नहीं तो वह कर्ज कहां से अदा करेंगे। जिलाधिकारी ने लीड बैंक प्रबंधक से कहा कि रिजर्व बैंक के निर्देशों के अनुसार ही चलें। किसी भी किसान की आरसी जारी न की जाये। राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि अभी तक फसल बीमा का पैसा बहुत से किसानों को नहीं मिल पाया है। इस मामले को संज्ञान में नहीं लिया जा रहा है। इस पर सहायक निबंधक सहकारिता को निर्देश दिए गये कि जितने किसानों का फसल बीमा का पैसा आ गया है उनके खातों में दो दिन के अंदर क्लेम भेज दिया जाये। दिनेश प्रताप सिंह गौर ने कहा कि बिजली के जर्जर तारों की वजह से भारी दिक्कत होती है। अक्सर तार टूटते हैं जिससे बिजली व्यवस्था बाधित रहती है। इसमें सुधार की जरूरत है। किसानों ने खराब नलकूपों के ठीक न होने की शिकायत की। इस पर डीएम ने कहा कि अगर नलकूप विभाग के अधिशाषी अभियंता इस तरफ ध्यान नहीं देते हैं तो वेतन रोक दिया जायेगा। इस मौके पर उप निदेशक कृषि अनिल कुमार पाठक, भूमि संरक्षण अधिकारी सौरभ यादव, भूमि संरक्षण अधिकारी इंद्रसेन नाथ, अवर अभियंता लघु सिंचाई रामकुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।







Leave a Reply