उरई। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने बांसों वाले पुल के पास राधा पैलेस में विशाल सम्मेलन आयोजित किया। बाद में नारेबाजी करते हुए सड़कों पर मार्च निकाला। पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की ओर से दो ज्ञापन दिये गये। जिनमें एक ज्ञापन जिला पंचायत राज अधिकारी को और दूसरा मुख्यमंत्री के नाम संबोधित जिलाधिकारी को सौंपा गया।
सम्मेलन में सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सफाई कर्मचारी सेवा शर्तों को लेकर कई विसंगतियों का सामना कर रहे हैं। अपनी एकजुटता से ही हम अपना अधिकार हासिल कर सकते हैं। जिला मंत्री आशीष झा ने कहा कि नवीन पैंशन योजना सफाई कर्मचारियों को स्वीकार नही है। यह योजना कर्मचारी विरोधी है इसलिए पुरानी पैंशन की बहाली हेतु सफाई कर्मचारी अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर संघर्ष करेंगे।
मुख्यमंत्री के नाम भेजे गये ज्ञापन में सफाई कर्मचारियों ने ग्राम पंचायत अधिकारी के पचास प्रतिशत पद प्रोन्नत सफाई कर्मचारियों के लिए आरक्षित करने और प्रदेश में रिक्त स्थाई सफाई कर्मचारियों के पदों पर शीघ्र नियुक्तियां करने की मांग की गई। डीपीआरओ को दिये गये ज्ञापन में सफाई कर्मचारियों ने जनपद के सभी ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का रुका हुआ वेतन दिलाने, ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को अंतिम बहाल से पूर्ण बहाल करने, उन्हें बैंकों से ऋण दिलाने, ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का उत्पीड़न बंद करने और उनके संगठन के लिए संघ भवन आवंटित करने की मांग की।







Leave a Reply