20orai01उरई। कुठौंद विद्युत उप केन्द्र में शनिवार सुबह ओसीबी फटने से आग लग गई। आग की चपेट में आने से संविदा कर्मी बुरी तरह से झुलस गया। अचानक उप केंद्र में आग लगने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इस पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने घायल संविदा कर्मी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। वहीं उप केन्द्र में आग लग जाने की वजह से 185 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
शनिवार सुबह कुठौंद विद्युत उप केन्द्र में हदरूख फीडर की ओसीबी का टैंक तेज धमाके के साथ फट गया। टैंक के फटते ही उप केन्द्र आग की लपटों के साथ जल उठा और ड्यूटी पर तैनात संविदा कर्मी रोहित कुमार मिश्रा गंभीर रूप से झुलस गया। अचानक लगी आग से उप केन्द्र के आसपास हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आग से झुलसे संविदा कर्मी को फौरन सीएचसी में भर्ती कराया। फायर बिग्रेड न आने की वजह से ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इस मामले में अवर अभियंता जितेन्द्र कुमार का कहना है कि ओसीबी के टैंक फटने की वजह से शनिवार सुबह आग लग गई। जिसके कारण उप केन्द्र से जुड़े गांवों की आपूर्ति ठप हो गई हैं। जल्द ही ओसीबी को ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जाएगी।
जर्जर ओसीबी बनी हादसे का सबब
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुन्देलखंड में विद्युत व्यवस्था सुधारने के आदेश कर रहे हैं। इतना ही नहीं प्रमुख सचिव ऊर्जा तक जनपद का निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्था सुधार के लिए उपकरण बदलने का फरमान दे चुके हैं। इसके बाद भी उप केन्द्र में आज भी जर्जर ओसीबी लगी हैं। जिसकी वजह से ही शनिवार को हादसा हुआ और संविदा कर्मी बुरी तरह से झुलस गया।
नहीं पहुंची फायर बिग्रेड
उप केन्द्र में आग लगने की सूचना के बाद ग्रामीणों ने फायर स्टेशन को सूचना दी, लेकिन मौके पर तीन घंटे बाद तक फायर बिग्रेड की गाड़ी नहीं पहुंची। जिस वजह से ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

Leave a Reply