0 दरोगा जी ने रूहानी उपदेशों से नादान यात्रियों को दी तसल्ली
26orai04उरई। जालौन कस्बा और औरैया व वाया रामपुरा मध्यप्रदेश की सीमा को मुख्यालय से जोड़ने वाले मार्ग पर ओवर लोड वाहन क कारण एक बार फिर यातायात ठप्प हो गया। पिछले कई घंटों से जाम की स्थिति बरकरार है। वाहनों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर दूसरे रास्तों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए तलाशना पड़ रहा है।
जालौन-उरई रोड पर कुकरगांव में नून नदी पर ब्रिटिश काल का पुराना पुल डेढ़ वर्ष पहले ढह गया था। इसके बाद अस्थाई रपटा बनाकर यातायात को संचालित करने की व्यवस्था की गई। लेकिन ओवर लोड मौरंग ट्रकों की वजह से यह रपटा बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाता है। जिससे यहां से गुजरने वाले वाहनों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ती है। जिले के यह सबसे व्यस्ततम् मार्गों में शुमार है। इस कारण जाम लगने पर वाहनों में बैठी सवारियां मुश्किल में फंस जाती हैं।
जनजीवन के लिए भीषण रूप से कष्टदाई इस समस्या के होने के बावजूद जिला प्रशासन ओवर लोड मौरंग ट्रकों के संचालन को रोकने के लिए सख्त नही हो पा रहा। जिससे उसकी नीयत पर सवाल उठ रहे हैं। गुरुवार को देर रात एक ओवर लोड मौरंग ट्रक रपटा पर पलट जाने के बाद पुल से होकर यातायात ठप्प हो गया। रात भर यात्री फसे रहे। सुबह आॅटो से लोगों ने अपनी यात्रा पूरी की। यात्रियों की मजबूरी को देखकर आॅटो वालों ने निर्धारित किराये से दो से चार गुना तक ज्यादा दर पर किराया वसूला। यात्रियों के इस शोषण की भी अधिकारियों ने कोई परवाह नही की।
उधर बताया गया है कि रात भर जाम में फसे यात्री भूखे रहकर ठंड में सिकुड़ते रहे। लेकिन प्रशासन और पुलिस ने कोई परवाह नही की। सुबह 10 बजे कोतवाली पुलिस की जीप मोक्षदाता के अंदाज में मौके पर पहुंची और परेशान यात्रियों को दर्शन देकर कृतार्थ किया। इससे उनकी रूहानी भूख तो मिट गई होगी लेकिन दुनियाबी परेशानी का कोई समाधान उन्हें नही मिल सका। दरोगा ने यात्रियों को जीवन का सार समझाते हुए कहा कि एक बार अपने को ऊपर वाले के हवाले छोड़ दो फिर कोई परेशानी महसूस नही होगी। एक यात्री ने कहा कि हुजूर आप की सलाह नेक है और हम भी ऊपर वाले में लीन होने के लिए अपना मसाला तलाश रहे हैं पर जुगाड़ नही हो रही। आप कहीं से सफेद पाउडर की व्यवस्था करा दें तो मैं समझूंगा कि आप किसी मसीहा से कम नही हैं। दरोगा जी इसके बाद जीप को बैक कराकर वापस हो गये।

Leave a Reply