0 कथा मंच के माध्यम से ईमानदारी हुई सम्मानित
27orai16 27orai17कोंच-उरई। यहां गल्ला मंडी में श्रीमद् भागवत कथा में भक्ति और आनंद की बरसात हो रही है। कथा सप्ताह के छठवें दिवस कथा प्रवक्ता पं. राघवेन्द्र मिश्र ने भगवान की बाल लीलाओं, राक्षसों के संहार, रासलीला आदि की सुमधुर कथायें सुना भक्तों को भाव विभोर कर दिया। उन्होंने गोबर्धन लीला तथाद्वारिकाधीश के विवाहों की आनंददायी कथायें भी सुनाई। आज इसी मंच के माध्यम से ईमानदारी के लिये दो स्कूली छात्राओं को भी गल्ला व्यापारी समिति द्वारा सम्मानित किया गया।
गल्ला व्यापारी समिति के तत्वाधान में गल्ला मंडी में जारी श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह के दौरान आज कथा प्रवक्ता पं. राघवेन्द्र मिश्र ने भगवान कृष्ण की अद्भुत बाल लीलाओं का मनोहारी वर्णन किया। उन्होंने महारास, राक्षसों के संहार आदि की कथाओं के साथ गोबर्धन लीला का बड़ा ही रोचक वर्णन करते हुये कहा कि ब्रजवासी इंद्र की पूजा की तैयारियां कर रहे थे तब श्रीकृष्ण ने उन्हें गोबर्धन पूजा करने के लिये प्रेरित किया और कुपित होकर इंद्र ने प्रलयंकारी बर्षा कर ब्रज वासियों को दंडित करने की ठान ली, किंतु श्रीकृझा ने अंगुली पर गोबर्धन धारण कर ब्रज की रक्षा की। गोबर्धन पूजा के पीछे उन्होंने तर्क दिया कि इस प्रकृति से हमें अपने दैनंदिन उपभोग की वस्तुयें मिलती हैं इसलिये हमें प्रकृति की ही पूजा करनी चाहिये। कथा व्यास ने रूक्मिणी हरण सहित द्वारिकाधीश के विवाहों की बड़ी ही रोचक और आनंददायी कथायें सुना कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कथा के अंत में परीक्षित आनंद गुप्ता व उनकी पत्नी ने भागवत जी की आरती उतारी और आज का प्रसाद मजदूर यूनियन द्वारा वितरित कराया गया।
ईमानदारी के लिये छात्रायें की गई पुरस्कृत
27orai18कोंच-उरई। विगत महीनों में गल्ला मंडी के एक व्यापारी के पचास हजार रूपये उसके थैले से गिर गये थे जो सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की दो इंटर मीडिएट की छात्राओं को रास्ते में पड़े मिले थे। उन छात्राओं ने ईमानदारी का बेमिसाल उदाहरण प्रस्तुत करते हुये उक्त धनराशि विद्यालय की प्रधानाचार्य माधुरी पहारिया को देते हुये प्रशासन को इत्तिला देने की गुजारिश की थी। छात्राओं की उक्त ईमानदारी के लिये गल्ला व्यापारी समिति द्वारा भागवत कथा मंच के माध्यम से उन्हें आज पुरस्कृत किया गया। उक्त सम्मान कथा व्यास पं. राघवेन्द्र मिश्र की भार्या रामकथा प्रवाचिका श्रीमती अंजनेश्वरी देवी के हाथों दिलाया गया। गुजरी 15 अक्टूवर को गल्ला व्यापारी दीन मोहम्मद तगादा करके लौट रहे थे, उनके थैले में तगादे का पचास हजार रूपया पड़ा था जो रास्ते में गिर गया। स्कूल जा रही छात्राओं अनुराधा पुत्री विनोदकुमार पटेल तथा साक्षी पटेल पुत्री अमरेन्द्र को उक्त रूपयों का पैकेट मिल गया जो उन्होंने विद्यालय प्रशासन के पास जमा करा दिया। बाद में एसडीएम संजयकुमार के सामने उक्त रूपया व्यापारी को लौटा दिया गया। गल्ला व्यापारी छात्राओं की इस ईमानदारी से काफी प्रभावित हुये और उन्होंने आज उन्हें यहां सम्मानित किया। इस दौरान गल्ला व्यापारी समिति के अध्यक्ष अजय गोयल, मिथलेश गुप्ता, आनंद गुप्ता, नवनीत गुप्ता, धु्रवप्रताप सिंह, हरीश तिवारी, राजाराम पठान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply