उरई। नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रिनियां में झगड़े से कुंठित युवती ने खुद के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगी। आग की लपटों में घिरी पत्नी को बचाने के लिए पति उससे लिपट गया जिससे वह भी बुरी तरह से झुलस गया। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर उपचार के दौरान पति की मौत हो गई। पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रविवार को ग्राम रिनियां निवासी मनोज कुमार पुत्र रामशंकर का किसी बात को लेकर अपनी पत्नी रीमा से विवाद हो गया था। बाद में कलह इतना बढ़ गया कि तैश में आकर रीमा ने खुद के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। पत्नी को बचाने की कोशिश में मनोज भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गया। शोर सुनकर परिवार के लोग वहां पहुंचे। मौके का मंजर देख उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। दोनों को आनन-फानन उपचार हेतु जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बुरी तरह से झुलस जाने के कारण मनोज की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के चलते मृतका का परिवार मातम में डूब गया। घटना को लेकर सभी स्तब्ध हैं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।





Leave a Reply