उरई। आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को सूखा सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसके पहले आयोजित सभा में पार्टी के जिला संयोजक दीनदयाल काका ने कहा कि सूखे की वजह से जिले भर में त्राहि-त्राहि मची हुई है। गर्मी की दस्तक शुरू होने के पहले ही पेयजल संकट गहराने लगा है। जो कि आने वाले दिन बेहद कठिन होने का संकेत है।
दीनदयाल काका ने अवैध बालू खनन को लेकर भी प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अदालती रोक होने के बावजूद प्रतिदिन सैंकड़ो ट्रक मौरंग भरे जिले की सड़कों को रौंदते हुए निकल रहे हैं जो कानून व्यवस्था का खुला मजाक है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय तक के आदेशों की परवाह नही की जा रही। यह अराजकता की इंतहा है। लोगों को इसके खिलाफ उठ खड़े होना चाहिए। क्योकि ऐसी स्थिति बरकरार रही तो वह दिन दूर नही जब नागरिकों के मौलिक अधिकार माफिया सरेआम छीन लेंगे और लोकतंत्र की हत्या हो जायेगी।
ज्ञापन में खस्ताहाल सड़कों को देखते हुए ओवर लोडिंग रोकने की सख्ती करने, बाजार में जाम की स्थिति खत्म करने के लिए अतिक्रमण हटवाने विकास कार्याें में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने और समाज के ताने-बाने को छिन्न-भिन्न कर रहे अराजक तत्वों का दमन करने की मांग की गई। प्रदर्शन में रोहित यादव, कुलदीप चतुर्वेदी, धर्मेंद्र जाटव, जयशंकर निरंजन, इलियास, जगदीश प्रसाद वर्मा, कांशीराम अहिरवार, डाॅ. प्रियंक शर्मा, कुलदीप मिश्रा, राजकुमार, हिम्मत बहादुर सिंह, आदित्य वर्मा, अमर चंद्र प्रजापति, अनिल कुमार द्विवेदी गुडडू, राजेश उपाध्याय अकनीबा आदि उपस्थित थे।





Leave a Reply