0 कोर्ट के निर्देश पर डीएम ने कसे अधीनस्थों के पेंच
0 कोंच में व्यापारी संगठनों के साथ बैठक के बाद होगा तिथि का फैसला

13orai03कोंच-उरई। सड़कों और बाजारों में बेतहाशा ढंग से पैर पसारते जा रहे अतिक्रमण को लेकर नाराज कोर्ट ने बेमुरौव्वती से अतिक्रमण हटाने के जो निर्देश दिये हैं उनके मद्देनजर प्रशासन भी इस मामले में गंभीर दिख रहा है। दो दिन पूर्व डीएम जालौन संदीप कौर ने जिले के सभी अधिकारियों के साथ बैठक करके उन्हें साफ जता दिया है कि जहां जहां अतिक्रमण अपने पैर पसारे है वहां बिना किसी रियायत के सख्ती के साथ उसे मिसमार कर दिया जाये। डीएम के इन आदेशों की रोशनी में कोंच पुलिस भी सक्रिय हो उठी है। उसने इसके लिये होमवर्क करना शुरू कर दिया है जिसके तहत आज बाजारों में एसएसआई विनोद कुमार मिश्रा ने घूम कर अतिक्रमण की वीडियोग्राफी कराई है जिसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है। एसएसआई ने बताया है कि पहले व्यापारी संगठनों के साथ प्रशासन बैठक करके उन्हें अपने अतिक्रमण हटाने के लिये कहेगा, इसके बाद तयशुदा तिथि से अभियान शुरू कर दिया जायेगा।
दरअसल, अतिक्रमण हर छोटे बड़े शहर की विकट समस्या है। अतिक्रमण के कारण लोगों का सड़कों पर चलना और बाजारों से निकलना मुश्किल हो रहा है। कभी कभी तो यही अतिक्रमण बड़ी घटनाओं तक का वायस बन जाता है और झेलना पड़ता है आम जनता और प्रशासन को। इस अतिक्रमण को लेकर कोर्ट भी सख्त हुआ है और अतिक्रमण कारियों को बिना कोई मुरौव्वत बख्शे इसे हटाने के निर्देश दिये हैं। हालांकि कोंच कस्बे में कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियान छेड़ा गया लेकिन इसमें निरंतरता के अभाव ने इसको परवान नहीं चढने दिया। कई दफा तो छोटे छोटे दुकानदारों के अतिक्रमण सख्ती के साथ हटाये गये और जब किसी असरदार की बारी आई तो प्रशासन आंखें मूंद कर वहां से आगे बढ गया जिसका यहां प्रशास को भारी विरोध भी झेलना पड़ा, कुल मिला कर मामला टांय टांय फिस्स ही हो गया। अबकी दफा डीएम के सख्त तेवरों से यह उम्मीद जागी है कि प्रशासन अपने तराजू में बगैर कोई पासंग लाये एक लाइन से अतिक्रमण हटाने का काम करेगा। कोतवाली के एसएसआई विनोद कुमार मिश्रा, सागर चैकी इंचार्ज रवीन्द्र कुमार त्रिपाठी तथा हमराही सिपाही राजाभैया ने कस्बे के मुख्य बाजारों सर्राफा, कपड़ा और वर्तन बाजारों का जायजा लिया जहां उन्हें चारों तरफ अतिक्रमण पसरा दिखा। उन्होंने उक्त अतिक्रमण की वीडियोग्राफी भी कराई। बताया कि इसकी रिपोर्ट बना कर डीएम को भेजी जा रही है। जल्दी ही नगर के व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक होगी जिसमें अभियान चलाने की तारीख मुकर्रर हो जायेगी। उन्होंने यह भी कहा कि दुकानदारों या अन्य अतिक्रमणकारियों को अपने अतिक्रमण समेटने के लिये वक्त दिया जायेगा ताकि वे प्रशासन का सहयोग करते हुये अपने अतिक्रमण साफ कर लें, अन्यथा की स्थिति में प्रशासन अपना काम तो करेगा ही।

Leave a Reply