0 एफआईआर में बताया गया घटनाक्रम नहीं उतर रहा है पुलिस के गले
0 मृतका के शरीर पर चोटों के निशान भी फंसा रहे हैं कहानी में पेंच
13orai04कोंच-उरई। गुजरी 11/12 की दरम्यानी रात कस्बे के नया पटेल नगर इलाके में हाईस्कूल की एक छात्रा चंचल के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या का सनसनीखेज मामला घटित होने के बाद से ही पुलिस की नींद उड़ी हुई है। हालांकि मृतका के पिता रमाकांत कुशवाहा ने पड़ोस में रहने बाले एक सजातीय युवक जितेन्द्र कुशवाहा सहित दो लोगों पर घटना कारित करने का आरोप लगाया है लेकिन मौका-ए-वारदात से पुलिस और फोरेंसिक तथा फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट्स की टीमों ने जो साक्ष्य संकलित किये हैं वे घटना की कहानी का रुख दूसरी ओर मोड़ते दिख रहे हैं। हालांकि प्रत्यक्ष तौर पर पुलिस नामजद आरोपी की तलाश में जुटी है लेकिन वह तस्वीर के दूसरे रुख पर भी गंभीर दिखाई दे रही है। सूत्रों की अगर मानें तो पुलिस के शक की सुई मृतका के अपनों की ओर भी थिरक रही है। मृतका के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान और हमलावरों के साथ उसके संघर्ष किये जाने के सबूतों को भी पुलिस नजरंदाज नहीं कर पा रही है।
कस्बे में बढ़ती छेड़खानी, बलात्कार और हत्या की घटनाओं ने पुलिस की नींद उड़ा कर रख दी है। कल यहां कस्बे के नया पटेलनगर इलाके में हाईस्कूल की नाबालिग छात्रा चंचल के साथ हुये दुष्कर्म और उसकी नृशंस हत्या के बाद पुलिस की सक्रियता देखने लायक है। अभी तक की पुलिस इंवेस्टिगेशन हालांकि जाहिर तौर पर जहां की तहां थमी दिखई दे रही है और उसका पूरा फोकस मामले के नामजद आरोपी जितेन्द्र कुशवाहा पर दिखाई दे रहा है लेकिन घटना स्थल से एकत्रित किये गये साक्ष्यों को लेकर पुलिस की जांच की दिशा बदलती दिखाई दे रही है। पुलिस के शक की सुई मृतका के अपने करीबियों पर भी है। इस मामले में कल कोंच आये पुलिस कप्तान बबलू कुमार ने यद्यपि कोतवाली पुलिस को घटना का जल्दी खुलासा करने के निर्देश दिये हैं लेकिन उन्होंने स्वाट टीम, क्राइम ब्रांच के अलावा फोरेंसिक टीम, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट्स आदि को भी इस घटना पर लगाया है। सर्विलांस की भी इसमें मदद ली जा रही है ताकि घटना का सही उद्घाटन हो सके और जो भी वास्तविक दोषी है उसे सींखचों के भीतर किया जा सके। मृतका के पूरे शरीर पर गंभीर चोटों और घावों के निशानों को लेकर सीओ अवधेश कुमार शुक्ल का कहना है कि पुलिस सभी विंदुओं पर अपनी जांच कर रही है, दुष्कर्म को लेकर उन्होंने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के इंतजार की बात कही है। इधर, कोतवाली पुलिस भी अपनी जांच को लेकर खासी गोपनीयता बरत रही है लेकिन नामजद कराये गये आरोपी के अलावा भी अन्य विंदुओं पर जारी जांच से इंकार नहीं कर रही है। अन्य विंदुओं के मायने अगर निकाले जायें तो उसके शक की सुई के दायरे में मृतका के करीबियों का होना भी संभावित है। घटना को लेकर वादी मृतका के पिता के बार बार बदल रहे बयान भी तमाम भ्रम पैदा करने बाले हैं जिन पर पुलिस जांच में जुटी है।

Leave a Reply