उरई। कानपुर-झांसी हाइवे पर छौंक के आगे डिवाइडर में लगे पौधों को पानी दे रहे टैंकर में पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार के घुस जाने से कार में सवार आधा दर्जन लोगों में से तीन की मौत मौके पर ही हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति अस्पताल पहुंचकर चल बसा। शेष दो घायलों की भी हालत नाजुक बनी हुई है।
स्थानीय तुलसी नगर मोहल्ला निवासी सुरेश चंद्र बघेल की कार यूपी 92 के 2726 राजेंद्र नगर मोहल्ले का जगत सिंह कुशवाहा (30वर्ष) चलाता है। मंगलवार को किसी काम से खाली कार लेकर वह कानपुर जा रहा था। रास्ते में आटा स्टैण्ड से उसने पांच सवारियां कार में बैठा लीं। छौंक के करीब स्टेयरिंग बहक जाने की वजह से कार पानी के टैंकर में जा घुसी। तेज रफ्तार की वजह से इतना भीषण हादसा हुआ कि जगत सिंह (30वर्ष) के साथ तेरह वर्षीय बालक देवी शंकर पुत्र शिवप्रसाद निवासी जोल्हूपुर और लालाराम (60वर्ष) निवासी आटा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि महेंद्र (31वर्ष), वीरसिंह (60वर्ष) और उदयी (55वर्ष) निवासीगण आटा गंभीर रूप से घायल हो गये। इनमें महेंद्र की जिला अस्पताल पहुंचकर मौत हो गई। वीर सिंह और उदयी की हालत भी नाजुक बनी हुई है।
हादसे की सूचना पाकर जिलाधिकारी संदीप कौर और पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार भी मौके पर पहुंच गये। उन्होंने अपनी देखरेख में शवों और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।





Leave a Reply