0 एक सिपाही मरणासन्न
0 दबंगों में भी इलाहाबाद में तैनात खाकीधारी शामिल
cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। कालपी में मंगलवार को देर रात समन तामील कराने जा रहे सिपाहियों पर दबंगों ने मुन्ना फुल पावर चैराहे पर हमला बोल दिया। दबंगों ने इनकी वर्दी फाड़ डाली और उनको पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। बाद में उन्होंने पास में ही एक बियर शाॅप पर भी हुड़दंग किया। सेल्समैन से पांच हजार रुपये की रंगदारी मांगी और न देने पर उसे पीटा। दबंगई करने वालों में इलाहाबाद में एक वीआईपी के यहां तैनात सिपाही भी था। एसपी ने दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। साथ ही दबंग सिपाही के निलंबन के लिए एसएसपी इलाहाबाद को चिटठी भेजी है।
कस्बा कालपी में मुन्ना फुल पावर चैराहे पर बाइक से समन तामील कराने जा रहे कोतवाली के सिपाही संजय चतुर्वेदी और नितिन उपाध्याय पर तीन लोगों ने अचानक हमला बोल दिया। नितिन उपाध्याय की हालत तो हमले के बाद इतनी गंभीर हो गई कि जिला अस्पताल से उसे मेडिकल काॅलेज झांसी के लिए रेफर करना पड़ा। सिपाहियों को मारने के बाद तीनों दबंग टरननगंज बाजार में बियर शाॅप पर पहुंचे। वहां रंगदारी के लिए उन्होंने सेल्समैन संतोष निवासी सैदपुर सरसेला के साथ मारपीट की। आरोपियों के नाम संदीप यादव, सुदीप पाटकार और देवेंद्र यादव बताये गये हैं। तीनों कालपी के ही निवासी हैं। देवेंद्र यादव खुद भी सिपाही है और उसकी तैनाती इलाहाबाद जिले में हैं। सूत्रों के अनुसार कुछ समय पहले उक्त सिपाहियों ने एक और मामले में संदीप को पकड़ा था। इसी रंजिश और नशे में होने की वजह से उनके साथ उक्त घटना की गई। पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा कायम कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके घरों में दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply