0 चोरी की 4 बाइकों के साथ 3 पकड़े
23orai13उरई। गोहन पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। तीन लोगों को इस सिलसिले में गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से चोरी की चार मोटर साइकिलें जब्त करने का दावा पुलिस ने किया।
एसपी बबलू कुमार ने अपराध नियंत्रण की टारगेट केंद्रित रणनीति लागू की है। प्रत्येक थानाध्यक्ष को बाइकर्स चोर, नशीले पदार्थों का कारोबार करने वालों, चोरी और लूट की वारदातों में संलग्न अपराधियों, जुआरियों, सटटेबाजों और वांछित अपराधियों को पकड़ने का समयबद्ध टारगेट सौंप दिया है। टारगेट पूरा न होने पर थाना कोतवाली प्रभारियों को तत्काल हटा देने का फरमान है। इसलिए मरता क्या न करता की हालत में सुविधाभोगी हो गये इंस्पैक्टर और एसओ भीषण गर्मी में भी बदमाशों, अराजक तत्वों को पकड़ने के लिए दिन भर हाथ-पैर मारने को मजबूर हो गये हैं।
इस कवायद के चलते पुलिस के हाथों अब अच्छे गुडवर्क भी लगने लगे हैं। विभाग की छवि सुधारने का एक गुडवर्क आज गोहन पुलिस के जानिब हुआ। पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने इस खुलासे की जानकारी स्वयं पत्रकार वार्ता कर गर्व के साथ अपने कार्यालय में दी। उन्होंने बताया कि गोहन एसओ हेमंत कुमार गौड़, साथी दरोगा शिवकरन वर्मा और दिनेश कुमार गिरि, कांस्टेबिल करतार सिंह व सिद्धनाथ के साथ कल रात ईंटों से गोहन वापस आ रहे थे। जमरेही सानी के सामने उन्होंने एक मोटर साइकिल पर तीन लोगों को आते देखा। उनको रोक लिया गया। पूंछतांछ में अटकने पर उनके साथ सख्ती की गई तो पता चला कि जिस मोटर साइकिल पर वे घूम रहे थे वह चोरी की है। बाद में उन्होंने अपनी निशानदेही पर चोरी की तीन और मोटर साइकिलें बरामद कराईं। उन्होंने बताया कि उनके पास मास्टर चाबी है जिससे वे जिस मोटर साइकिल पर घात लगती है उसका ताला तोड़ देते हैं। उन्होंने औरैया से मोटर साइकिलंे चुराई थीं। पहले भी यह लोग कई बार मोटर साइकिलें चोरी कर चुके हैं। बाइकर्स चोरों ने बताया कि वे लोग चोरी की मोटर साइकिलें नंबर प्लेट बदलकर बेंच देते हैं। सस्तें में मिल जाने के लालच में लोग उनसे बाइक खरीद लेते हैं।
मासूम है औरंगजेब ?
पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम आलोक सिंह सेंगर निवासी शेखपुर बुजुर्ग, टाइगर उर्फ औरंगजेब निवासी अजीतापुर और नरेंद्र परिहार निवासी शहबाजपुर बताये। इतिहास का औरंगजेब भले ही संगदिल बादशाह रहा हो जिसने अपने भाई को हाथी के तले रौंदकर दिल्ली का तख्त हासिल किया था लेकिन यह औरंगजेब मासूम लग रहा है। उसने पत्रकारों से अलग से कहा कि वह मुंबई में डांस स्कूल चलाता है। छुटटी लेकर गांव आया तो क्षेत्र के मोटर साइकिल चोरों के बारे में पता चला। उसी ने पुलिस का जानकारी दी। लेकिन पुलिस ने उसे भी उनके साथ लपेट लिया। एसपी बोले कि यह झूठ बोल रहा है।

Leave a Reply