0 क्षत्रिय समाज के आधा दर्जन लोगों के भी खिलाफ दलित उत्पीड़न का मुकदमा
cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। माधौगढ़ तहसील में जातिगत तनाव गहरा गया है। शुक्रवार को क्षत्रिय समाज के युवाओं द्वारा थाने के बाहर जाम लगाकर किये गये प्रदर्शन के बाद पूरनपुरा में बौद्ध सम्मेलन का आयोजन करने वाले दो दलित नेताओं को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। उधर पूरनपुरा के तीन प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी अनुसूचित जाति उत्पीड़न निवारण अधिनियम का मुकदमा कायम किया गया है।
महान मानवाधिकारवादी और संविधान रचयिता बाबा साहब अंबेडकर की 125 जयंती का वर्ष होने की वजह से उनके विचारों को आगे बढ़ाने के लिए भारत सरकार ने जहां गत् 14 अप्रैल से विशेष अभियान शुरू किया है वहीं दलित संगठनों ने 14 अप्रैल के बाद बौद्ध सम्मेलनों के आयोजन की श्रंखला चला रखी है। माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में दलित इसे लेकर सबसे ज्यादा सक्रिय हैं। उधर क्षेत्र के गांव-गांव में हो रहे बौद्ध सम्मेलनों को लेकर क्षत्रिय समाज के लोग पहले से ही भड़के हुए थे। उस पर एक भगवानपुरा में 25 जून को हुए बौद्ध सम्मेलन का आॅडियो एक सप्ताह बाद सुनियोजित ढंग से वायरल किया गया जिसे लेकर हिंदू देवी-देवताओं के अपमान का मुददा बनाते हुए शुक्रवार को क्षत्रिय समाज के लोगों ने भगवानपुरा बौद्ध सम्मेलन के आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने के सामने प्रदर्शन किया। इसमें दलितों और बाबा साहब अंबेडकर के खिलाफ जमकर आग उगली गई।
बाद में भगवानपुरा के कार्यक्रम के आयोजक रामऔतार बौद्ध की तहरीर पर गांव के जगदीश, मुन्ना और दौलत सिंह के खिलाफ अनुसूचित जाति उत्पीड़न का मुकदमा कायम कर लिया गया। दूसरी ओर धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला रामऔतार बौद्ध सहित आधा दर्जन दलितों के खिलाफ कायम किया गया। इनमें से रामऔतार बौद्ध और नागेंद्र को आज माधौगढ़ पुलिस ने आज गिरफ्तार भी कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले लगभग दो वर्षों से माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में दलितों और ठाकुरों के बीच पाला खिचा हुआ है। गत् वर्ष सुरपतपुरा की फतेहपुर जनपद में गई एक बरात में ठाकुरों के साथ खाना खाने की वजह से एक दलित युवक की नाक काट ली गई थी। यह मामला राष्ट्रीय स्तर तक चर्चा का विषय बना था। इसके बाद से बराबर ऐसी घटनाएं होती रहीं जिनसे जातिगत् तनाव की लकीर गहरी होती चली गई। गत् वर्ष कुरौती के दलित प्रधान के वृद्ध मां-बाप की निर्मम पिटाई भी इसमें शामिल है। लेकिन बौद्ध सम्मेलनों से उत्पन्न नये घटनाक्रम ने माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विस्फोटक हालात पैदा कर दिये हैं। प्रशासन और पुलिस के लिए यह हालात चिंता का सबब बने हुए हैं। इस कारण स्थिति पर पैनी निगाह रखी जा रही है।

Leave a Reply