उरई। वरिष्ठ अधिवक्ता बृजेंद्र बाजपेयी के पैतृक खेत में बोई गई फसल को ट्रैक्टर से नेस्तनाबूद कर तमंचे की दम पर उनके घर से बीज लूटे जाने के मामले में कोंच पुलिस द्वारा अभी तक कोई एक्शन न लिये जाने से अधिवक्ता समुदाय में असंतोष गहरा रहा है।
बृजेंद्र बाजपेयी कोंच मुंसफी के जाने-माने अधिवक्ता हैं। उनके पैतृक गांव चचेड़ा में 6.61 एकड़ का एक चक है जिसके तीन चैथाई हिस्से के हकदार उनके पिता स्व. कृष्णबिहारी बाजपेयी, वे स्वयं और उनके अनुज अरुण कुमार बाजपेयी हैं। जबकि शेष एक चैथाई हिस्से को लेकर खतौनी में स्व. नरोत्तम दास की पत्नी उर्मिला व सहोदर बेबा सत्यदेव का नाम अंकित है। इसके बावजूद उर्मिला के पक्ष से उनकी जमीन में विवाद उत्पन्न करने की चेष्टा की जा रही है।
बृजेंद्र बाजपेयी के मुताबिक उन्होंने अपनी खेती में तिल और अरहर की फसल बोई थी। गत दिनों उर्मिला के साथ सुजीत पाठक उर्फ सोनू उनकी पत्नी उमा पाठक व भाई रवि पाठक नगेपुरा के काशीराम का टैªक्टर लेकर उनके खेत में घुस गये और खेत उजाड़ डाला। जब उन्हें पता चला तो वे रोकने पहुंचे इस पर सोनू और रवि ने तमंचा लेकर उन्हें दौड़ा लिया। वे उनके पीछे-पीछे उनके घर में घुस आये और उनका बीज भी लूट लिया। जाते-जाते वे लोग रेप के झूठे मुकदमें में उन्हें फंसाने की धमकी देते हुए चले गये। बृजेंद्र बाजपेयी ने बताया कि वे मुकदमा दर्ज कराने के लिए इसकी तहरीर दे चुके हैं। उन्होंने एसपी से इस मामले को संज्ञान में लेकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने की मांग की।







Leave a Reply