उरई। भगवानपुरा मामले को लेकर भाजपा और बसपा एक-दूसरे के आमने-सामने आ गये हैं। बसपा नेताओं ने जबावी कार्रवाई के तहत सोमवार को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को देकर हिंदू देवी-देवताओं को अपशब्द कहने की शिगूफेबाजी की आड़ में माधौगढ़ क्षेत्र में जाति विशेष द्वारा दलितों के दमन का आरोप लगाया है।
भगवानपुरा प्रकरण को लेकर राजनीति गर्मा गई है। शुक्रवार को इस मामले में जाति विशेष के युवकों ने माधौगढ़ थाने के सामने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया था। इसके बाद अगले दिन भाजपा नेता भी इसमें कंूद पड़े थे। नारेबाजी के दौरान थाने के अंदर सुरक्षा की गुहार करने पहुंचे दलितों की पुलिस के सामने ही पिटाई कर दी गई थी। इसी बीच पुलिस ने दो दलितों को धार्मिक विद्वेष फैलाने की धाराओं में गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
इस मसले पर बसपा के नेताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि बौद्ध सम्मेलन का आयोजन करने की वजह से रामऔतार बौद्ध, नागेंद्र, जंग बहादुर, बृजेंद्र व विनोद के खिलाफ एक आॅडियो को आधार बनाकर संगीन धाराओं में मुकदमा कायम करा दिया गया जबकि इनमें से किसी ने दूसरे किसी धर्म के लोगों की भावनाओं को आहत करने वाली कोई टिप्पणी नही की थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने भी इसकी सही तरीके से जांच किये बिना रामऔतार और नागेंद्र को गिरफ्तार करके इकतरफा कार्रवाई की है। यह दलितों की धार्मिक स्वतंत्रता को छीनने की हिमाकत है।
उन्होंने कहा कि पुलिस के साॅफ्ट कार्नर की वजह से ही दलितों को जाति सूचक शब्दों के साथ पीटने वाले दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नही की गई है। उन्होंने कहा कि कुछ व्हाटसप ग्रुपों में जातिगत अपमान फैलाने वाली और संविधान निर्माता बाबा साहब के प्रति अभद्र शब्दावली से युक्त पोस्ट डाली जा रही हैं जो कि पूरी तरह गैर कानूनी है। लेकिन इस मामले में भी पुलिस और प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। बसपा नेताओं ने कहा कि माहौल बेहद ज्वलनशील ओर संवेदनशील हो गया है। जिसमें पुलिस और प्रशासन को संविधान के मुताबिक प्रभावी कार्रवाई तत्काल करनी चाहिए तांकि विधि व्यवस्था बनी रह सके।
बसपा नेताओं ने निर्दोष दलितों पर लगाये गये मुकदमें वापस लेने, दलितों के प्रति अपशब्दों का प्रयोग और हमलावर रुख अपनाने वालों के खिलाफ एससी एसटी का मुकदमा कायम करने, एससी एसटी के दर्ज मुकदमें के आरोपियों को गिरफ्तार करने, धार्मिक उन्माद व जातिगत घृणा को वायरल करने वाले व्हाटसप ग्रुप एडमिन के खिलाफ आईटी का मुकदमा दर्ज करने की मांग ज्ञापन में की गई है। बसपा के जिलाध्यक्ष इं. शैलेंद्र सिंह शिरोमणि, पूर्व कैबिनेट मंत्री चैनसुख भारती, अकबर अली, बुंदेलखंड प्रभारी बृजेश जाटव, मंडल काॅर्डिनेटर संजय गौतम, सचिन पलरा, ज्ञान खांगर, जिला पंचायत सदस्य रविंद्र सिंह राजावत, विधायक माधौगढ़ संतराम कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष मूलशरण कुशवाहा आदि मुख्य रूप से इस दौरान उपस्थित थे। बसपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर दलितों पर जुल्म करने वालों के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो दो दिन बाद इस मामले में चक्काजाम किया जायेगा। डीएम संदीप कौर ने आश्वासन दिया कि इसकी नौबत नही आयेगी। सही जांच कराकर पीड़ितों के साथ न्याय किया जायेगा।







Leave a Reply