05orai04उरई। कैंसर के इलाज के लिए रुपये निकाल कर अपनी पत्नी और बेटे के साथ जा रहे रिटायर्ड कर्मचारी से सुहाग महल के सामने दिन दहाड़े बाइक सवार तीन बदमाश पांच लाख रुपये की रकम लूट ले गये। इस सनसनी खेज घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। जांच के लिए बैंक और सुहाग महल गेस्ट हाउस के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज तलाशे जा रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग में बेलदार रहे मातादीन (65वर्ष) रिटायरमेंट के बाद अपने गांव कैलिया थाने के कुदैइया में रहने लगे थे। उन्हें कैंसर की शिकायत डाॅक्टरों ने बताई थी। इसी बीच उनके फंड का पांच लाख रुपया बैंक में आ गया। इलाज के लिए इस रुपये को निकालने आज वे अपने पुत्र हुकुम सिंह (35वर्ष) व पत्नी लीलाबाई (60वर्ष) के साथ मुख्यालय पर आये थे। दोपहर में उन्होंने गुर्जर काॅम्प्लेक्स स्थित बैंक आॅफ इंडिया की शाखा से यह रकम निकाली। पत्नी और पुत्र के साथ वे रकम लेकर गांव लौटने के लिए पैदल बस स्टैण्ड चल दिए। पीली कोठी के आगे सुहाग महल के ठीक सामने अचानक बाइक पर सवार तीन लड़कों ने आगे आकर उनका रास्ता रोक लिया और उनको झापड़ रसीद कर रुपयों से भरा बैग उनसे छीन लिया। हक्का-बक्का मातादीन जब तक चिल्लाये तब तक तीनों रफूचक्कर हो चुके थे।
सनसनीखेज वारदात से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी अशोक कुमार त्रिपाठी को कोतवाली पुलिस ने इत्तिला दी जिस पर वे खुद मौके पर आये। उन्होंने बैंक आॅफ इंडिया का भी निरीक्षण किया। बैंक के सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध युवक पर उन्होंने निगाह जमाई है जिसकी पहचान का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि वारदात का खुलासा अतिशीघ्र कर लिया जायेगा।

Leave a Reply