उरई। किसान मेला के तीसरे और आखिरी दिन नदीगांव विकास खंड में रौरा, मानपुरा, बरौली की खोड़, ऊमरी, बरौली, भगवंतपुरा आदि गांवों के 800 किसानों ने सहभागिता कर मनपसंद बीज खरीदा।
गौरतलब है कि सूखे से तबाह किसानों को मदद देने के लिए परमार्थ स्वयंसेवी संस्था द्वारा सीआरएस के सहयोग से किसान मेला आयोजित करके बुबाई के लिए किसानों को मुफ्त में खरीफ का बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। नदीगांव के किसान मेंले में अपने संबोधन में जन-जल जोड़ो अभियान के राष्ट्रीय समन्वयक संजय सिंह ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में यह दूसरा मौका है जब बुंदेलखंड में 20 जून से बारिश शुरू हो गई जो कि खरीफ की फसल के लिए बेहद मुफीद है।
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे इस वर्ष भी तिल की खेती को वरीयता दें। खरीफ के इस जिंस में लागत कम है और मुनाफा अधिक है। उन्होंने बाद में बताया कि जिले में जिन दो हजार किसानों को मुफ्त बीच उनकी संस्था द्वारा उपलब्ध कराया गया है उन्हें किफायती और कारगर खेती के लिए तकनीकी इनपुट भी उपलब्ध कराया जायेगा।
सीआरएस संस्था की पारुल ने इस अवसर पर कहा कि किसानों को अनाज और बीज का अंतर समझना चाहिए। किसी भी बीज को अनाज के रूप में प्रयोग न करें। परमार्थ संस्था के एसपी सिंह ने कहा कि इन बीस गांवों में यदि कोई पात्र किसान छूट गये हैं तो उनके लिए पुनः सर्वे करके उन्हें इस कार्यक्रम से जोड़ा जायेगा। बरसात के बावजूद मेले में किसानों का जबर्दस्त जमावड़ा रहा। मेले में आये किसानों में हरीओम पांडेय, हेमंत, सीआरएस संस्था के नीरज और सुप्रिया मुखर्जी ने कृषि से जुड़ी पद्धतियों के बारे में भी जानकारी खरीद करने वाले किसानों को दी। सात स्टाॅलों में किसानों ने अपनी मनपसंद के तिल, ज्वार, बाजरा, मूंग, अरहर और उर्द के बीज खरीदे। गोपालपुरा की श्रीकुंवर, पुष्पा, रामकली, इमरती, गीधन की खोड़ के रामबाबू, रामसेवक, मचकचा के अजुद्धी, करमरा के दशरथ पाल, केशकांति सहित लाभान्वित किसान बीज लेकर परमार्थ की जय-जयकार करते हुए मेले से गये।







Leave a Reply