06orai01उरई। राज्य योजना आयोग के तहत गठित की गई अभिनवीकरण परिषद के निदेशक और उपनिदेशक ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की जिसमें उन्होंने कहा कि लोगों के पास समाजोपयोगी महत्वपूर्ण कार्य का कोई आइडिया हो तो सरकार उसे पूरा करने के लिए बजट उपलब्ध कराने को तैयार है।
जन सहभागिता से सार्थक विकास के नये आयाम स्थापित करने के लिए अभिनवीकरण परिषद का गठन किया गया है। जिसके निदेशक डाॅ. आनंद मिश्रा और उपनिदेशक घनश्याम यादव आज जिला मुख्यालय पर मौजूद रहे। उन्होंने जिले के अधिकारियों व स्वयंसेवी संगठनों के साथ बैठक कर उन्हें परिषद के उददेश्य को सफल करने के लिए योगदान देने को प्रेरित किया।
आनंद मिश्रा ने कहा कि 10 लाख रुपये तक के प्रोजेक्ट के लिए जिला स्तर पर डीएम की अध्यक्षता वाली समिति स्वयं फैसला ले सकती है जबकि 10 लाख से 10 करोड़ तक के प्रोजेक्ट की व्यवहारिकता का परीक्षण कर स्वीकृति देने का अधिकार राज्य शासन को होगा। 10 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार को भेजना होगा। उन्होंने कहा कि खेती, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान आदि किसी भी क्षेत्र में अभिनव आइडिया सामने लाया जा सकता है। सरकार इस संबंध में गुमनाम लोगों के ज्ञान और सोच का लाभ उठाने को तत्पर है। जिससे प्रगति की नई अलख जगाई जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी संदीप कौर, मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, अनुरागिनी संस्था के प्रवीन सिंह, परमार्थ संस्था के प्रतिनिधि व अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply