उरई। बारिश शुरू होने से जहां किसानों और आम लोगों को सुकून मिला है वहीं कलम और कैमरे के निशानचियों के लिए प्रकृति की यह नेमत गाज गिराने वाली साबित हो रही है। उनकी दक्षिणा पर तीन महीने के लिए सिंडीकेट द्वारा रोक लगा दी जाने की खबर है।
मौरंग खनन ने जिले में मीडिया के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया है। आज घर-घर में पत्रकारों की जो बाढ़ दिखाई दे रही है वह बेतवा मइया की इसी कृपा का नतीजा है। हर नौजवान वजनदार पिटठू लादकर बेतवा के दुर्गम खार नालों में आखेट के लिए टीकाटीक दुपहरिया के बावजूद भटकता नजर आता है। अरब देशों की तरह इस संधान में थकान काबू में रखने के लिए मीडियाकर्मी पिंड खजूर जेब में डालकर चलते हैं। उनकी मेहनत और लगनशीलता ने पत्रकारिता की गौरव पताका को आंसमान की बुलंदियों से ऊपर भी फहरा दिया है। जिससे पत्रकारिता की पिछली पीढ़ियां स्वर्ग से ही उन पर नाज जताना नहीं भूल रहीं।
लेकिन यह जमाने की बेवफाई है कि इतनी कर्मठ मीडिया सेना पर भी उसका रहम बरकरार नही रहता। खबर आई है कि बारिश शुरू हो जाने की वजह से सभी घाटों पर अक्टूबर तक के लिए खनन पर रोक लगाई जा रही है। जिसे देखते हुए सिंडीकेट ने कलम और कैमरे के निशानचियों को तीन महीने मानदेय न दे पाने के लिए सूचित कर दिया है। इसके चलते आज मीडिया जगत में स्यापे का माहौल रहा। सरकार से इन तीन महीनों की मीडिया के लिए क्षतिपूर्ति की व्यवस्था अपने स्तर से करने की मांग की जा रही है।







Leave a Reply