फॉलोअप-
0 जालौन रोड पर सर्राफा कारोबारी के साथ हुई थी पांच लाख की लूट
0 माल की बरामदगी होते ही खुल जायेगा मामला
कोंच-उरई। पिछले दिनों जालौन कस्बे के सर्राफा कारोबारी के साथ हुई पांच लाख के माल की लूट के मामले में कोतवाली पुलिस मामले के खुलासे के काफी करीब पहुंच गई है। हालांकि अभी पुलिस इस मामले में अपने पत्ते नहीं खोल रही है लेकिन समझा जा रहा है कि मामला आईने की तरह साफ हो चुका है लेकिन कुछ गिरफ्तारियां और माल की बरामदगी होना इसके खुलासे में रोड़े अटका रहे हैं।
गुजरी 2 जुलाई की देर शाम जालौन निवासी सर्राफा कारोबारी श्यामजी सोनी तथा कारीगर पिंटू सोनी के साथ बाईक पर सोने के आभूषण बाजार में बेचने निकले थे। दूरदराज के कई क्षेत्रों से काम निपटाने के बाद शाम लगभग साढे सात बजे कोंच से जालौन की ओर चले। कोंच से उनकी बाईक लगभग तेरह किमी दूर भेंड़ गांव के आगे निकलते ही पीछे से एक बाईक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट करते हुये कट्टे से फायर झोंक दिया उनसे बैग छीन लिया। व्यवसायियों ने कोंच कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी और पुलिस इस मामले को सुलझाने में लग गई जिसमें फौरी तौर पर उसने दो लोगों को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया था। पुलिस ने कुछ क्लू जोड़े हैं जिनके आधार पर यह समझा जा रहा है कि पुलिस किसी ठोस नतीजे पर पहुंची है। हालांकि जाहिर तौर पर कोतवाली पुलिस कुछ भी बताने से खासा परहेज बरत रही है जिसके पीछे माना जा रहा है कि अभी कुछ लोगों की गिरफ्तारी और माल की बरामदगी होना शेष है। इस मामले में आधा दर्जन लोगों की संलिप्तता पुख्ता तौर पर होने की संभावना है।







Leave a Reply