08orai01 08orai02उरई। जिला पंचायत में शुक्रवार को पूर्वान्ह 11 बजे आहूत की गई बैठक में संचालन समिति के सदस्य निर्धारित समय के काफी देर बाद तक नही पहुंच सके जिससे विपक्षी खेमे के नाराज सदस्यों ने नाराजगी प्रकट करते हुए बैठक से बहिर्गमन कर दिया। बाद में इन सदस्यों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जिला पंचायत में कथित तौर पर हो रहे अवैधानिक कार्य रोकने की मांग की।
जिला पंचायत बोर्ड की बैठक आज सुबह 11 बजे आहूत की गई थी। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत की अध्यक्ष चुनी गई फरहानाज की कैंसर की बीमारी की वजह से हुई दुखद मौत के बाद से अभी तक इसमें नये अध्यक्ष का चुनाव नही किया गया है। जिला पंचायत के कार्य संचालन के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है जो सभी फैसले ले रही है। आज बैठक में लगभग आठ सदस्य निर्धारित समय तक पहुंच चुके थे। लेकिन संचालन समिति के सदस्यों का आगमन नही हुआ। यहां तक कि सदर विधायक दयाशंकर वर्मा के पहुंच जाने के बाद भी संचालन समिति के सदस्य नही आये। इसके बावजूद अपर मुख्य अधिकारी आरएस यादव ने बैठक शुरू करा दी जिस पर कोरम पूरे न होने का हवाला देते हुए उपस्थित सदस्यों ने विरोध जताया तो आरएस यादव ने कहा कि जब तक सदस्य आ रहे हैं तब तक विकास के मुददे पर चर्चा कर लेते हैं। इससे सदस्य भड़क गये और उन्होंने बैठक का बाॅयकाट कर दिया। बाद में इन सदस्यों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में उन्होंने बिना कार्ययोजना की स्वीकृति के स्टीमेट मंजूर करने गत् वर्ष हैंडपंप के संबंध में हुई चर्चा को लागू न किये जाने अनुरक्षण निधि के नाम पर तीन करोड़ रुपये मनमाने ढंग से खर्च कर लिये जाने और पेयजल के लिए ट्रैक्टर व टेंकर खरीद को लेकर सदस्यों को विश्वास में न लिये जाने की शिकायत की।
ज्ञापन देने वालों में उमा देवी, बाबा बालक दास, अर्चना गौतम, पुष्पेंद्र सिंह, मानवती वर्मा, रूपम, अलताफ हुसैन, रामकुमार गुप्ता, अशोक कुमार मौजूद थे। सुमन देवी निरंजन के भी हस्ताक्षर ज्ञापन में दर्शाएं गये थे हालांकि वे मौजूद नही थीं।

Leave a Reply