0 श्रीमद्भागवत कथा में द्वारिकाधीश ने किया रूक्मिणी का हरण, रचाया विवाह
कोंच-उरई। यहां पड़री नाका स्थित हुल्कादेवी मंदिर परिसर में भक्ति और आनंद की ऐसी बरसात हो रही है कि भक्त श्रोता विभोर होकर नाचने लगते हैं। श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह के अंतिम दिवस कथा प्रवक्ता साध्वी साधना शक्ति वृंदावन धाम ने भगवान द्वारिकाधीश के विवाहों की आनंददायी कथायें सुना कर जहां श्रोता समुदाय को आनंदित किया, तो वहीं सुदामा चरित्र की कथा में उन्होंने श्रोताओं को इतना भावुक कर दिया कि उनके नेत्रकोर गीले हो गये।
सिद्ध पीठ हुल्कादेवी मंदिर परिसर में जारी श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह के अंतिम दिवस की कथा में कथा व्यास ने भगवान द्वारिकाधीश के विवाहों की बड़ी ही रोचक और आनंददायी कथायें सुना कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उन्होंने रूक्मिणी हरण की कथा काफी विस्तार से सुनाते हुये कहा कि रूक्मिणी का विवाह उनकी इच्छा के विपरीत होने बाला था लेकिन मन ही मन रूक्मिणी द्वारिकाधीश को अपना पति मान चुकी थीं। विवाह की तैयारियों के बीच रूक्मिणी ने द्वारिकाधीश को अपने मन का संकल्प बताते हुये संदेश भेजा और द्वारिकाधीश ने रूक्मिणी का हरण कर उनके साथ विवाह किया। भगवान द्वारिकाधीश ने सत्यभामा, कालिंद्री, जाम्बबंती आदि से भी विवाह रचाये, इस प्रकार उन्होंने सोलह हजार एक सौ आठ विवाह किये। उन्होंने सुदामा चरित्र का मार्मिक चित्रण कर श्रोताओं को भावुक कर दिया। उन्होंने कहा कि भगवान द्वारिकाधीश और सुदामा की मित्रता हमें निश्छल मैत्री संबंधों के साथ आदर्श मित्रधर्म की भी शिक्षा देती है। इसके साथ ही एक और भी सीख मिलती है कि दूसरों का हिस्सा हड़पने बाले को भोगना पड़ता है। भजनों की प्रस्तुति पर श्रोता झूम झूम उठे। कथा के अंत में परीक्षित श्रीमती कृष्णादुलारी व मिजाजीलाल निरंजन ने भागवत जी की आरती उतारी और प्रसाद वितरित किया गया। कल बुधवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जायेगा।
भागवत कथा से पूर्व निकली कलशयात्रा
यहां केलादेवी मंदिर में मंगलवार से प्रारंभ हो रही श्रीमद्भागवत कथा एवं आद्य कुंडीय यज्ञ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा मार्ग में जगह जगह पुष्प वर्षा कर लोगों ने कलशयात्रा का स्वागत किया। श्री भुंजरया हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर कलशयात्रा मुख्य राजमार्ग से होती हुई कथास्थल पहुंची जहां विधि विधान से देव स्थापन के बाद पहले दिवस की कथा कहते हुये कथा प्रवक्ता पं. बलभद्रदास महंत ने भागवतजी के महात्म्य के बारे में बताया।
श्री हरि की सद्प्रेरणा संयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह एवं आद्य कुंडीय यज्ञ का शुभारंभ यहां केलादेवी मंदिर में हुआ। कथा से पूर्व भव्य कलशयात्रा निकाली गई, श्री भुंजरया हनुमान मंदिर में भगवान रामजानकी की विधिवत् पूजा अर्चना के पश्चात् कलशयात्रा का शुभारंभ हुआ। सबसे अग्रपंक्ति में विद्वान कथावाचक पं. बलभद्रदास महंत और संगीतज्ञ शिवम द्विवेदी चल रहे थे, उनके पीछे महिलायें सिरों पर मंगल कलश लेकर चल रहीं थीं। बैंडबाजों के बीच मुख्य राजमार्ग पर बढती कलशयात्रा पर जगह जगह पुष्प बर्षा कर लोगों ने स्वागत किया। गंतव्य पर पहुंच कर विद्वान पंडितों ने अनुष्ठान के साथ कलश स्थापित कराये और कथा व्यास ने व्यासपीठ से कथा कहते हुये भागवतजी को भगवान श्रीकृष्ण का साक्षात् बांग्मय श्रीविग्रह बताते हुये इसके महात्म्य के बारे में विस्तार से बताया। परीक्षित की भूमिका डॉ. पीडी चंदेरिया व उनकी पत्नी मीरा चंदेरिया ने निभाई। इस दौरान ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष देवीदयाल रावत, मुरली मनोहर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष चतुर्भुज चंदेरिया, शिवशंकर त्रिपाठी, आकाश अग्रवाल, संदीप मिश्रा, राधेलाल, रामरतन, अंकुर सोनी, जीतू चंदेरिया सहित तमाम श्रद्धालु मौजूद रहे।







Leave a Reply