कालपी-उरई। कोतवाली पुलिस ने रंगे हाथों आठ लोगों को जुआ खेलते पकड़ लिया जिनका गैम्बलिंग एक्ट के तहत चालान कर दिया गया है।
जिले में इन दिनों जुएं की बहार आई हुई है जिसकी वजह से पुलिस के खिलाफ जनमानस में तेज माहौल बनता जा रहा है। जुआ की लत में कई लोग अपनी बीबियों के गहने और जमीन जायदाद बिकवा चुके हैं फिर भी इसका अंत नाल वसूलने वालों की कोशिशों की वजह से नही हो पा रहा है। जुआ में सबसे ज्यादा फायदे में वे लोग है जो जुआरियों के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराते हैं। इसमें प्रत्येक बाजी का मंहगा किराया तो वसूल किया ही जाता है। 10 प्रतिशत रुपये फी घंटे के हिसाब से हारकर नंगाझोरी पर पहुंच चुके जुआरी को फाइनेंस भी किया जाता है। कई लोग इसकी वजह से करोड़पति बन चुके हैं। अमिताभ यश के कार्यकाल में इन पेशेवर जुआ खिलवाने और खेलने वालों के खिलाफ अभियान छेड़ा गया था। जिसमें पकड़े गये लोगों पर गैंगस्टर लगाकर उनकी संपत्ति कुर्क किया जाना भी शामिल था। इसके कारण तमाम सफेदपोश बेनकाब हुए थे और गलत तरीके से रातों-रात धन्नासेठ बनने का ख्वाब देखने वालों को जुआ खिलवाने के काम से तौबा करनी पड़ी थी।
लेकिन उनके जाने के बाद पेशेवर जुआ माफियाओं ने पुलिस को मोटी माहवारी बांधकर उसका जमीर खरीद लिया जिससे असल जुआ के अडडों पर छापेमारी बंद हो गई। उधर असंतोष से उद्वेलित जनमानस का ध्यान डायवर्ट करने के लिए छुटभइया जुआरियों को पकड़कर कार्रवाई का कोटा पूरा करने की ट्रिक भी पुलिस ने इख्तयार कर ली है।
इसी क्रम में आज दोपहर शुभान गुंडा मस्जिद के पीछे शौकियां जुआ खेल रहे लोगों पर पुलिस अचानक टूट पड़ी जिसमें अनुज यादव, चंदन सोनकर, कुंदन सिंह, मुकीम, इसरार, गोकुल सोनकर, लल्लू और रामप्रकाश को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया गया। इनके कब्जे से जामा तलाशी में 600 रुपये और मालफड़ में 4300 रुपये मात्र मिले। जाहिर है कि आठ लोगों के बीच 600 रुपये का जुआ पकड़ा जाना एक मजाक है। पुलिस ने जुएं का फड़ सार्वजनिक स्थान पर जमा होने को अपनी फर्द में दर्शाकर नाल वसूलने वाले को निरापद करने का भी पूरा ध्यान रखा।







Leave a Reply