14orai04माधौगढ़-उरई। अमृता पैलेस से जनसंख्या दिवस पर रैली मुख्य मार्गों पर निकालकर जन जागरूकता का अभियान चलाया गया इसके बाद अमृता पैलेस में ही गोष्ठी आयोजित हुई। जिसमें वक्ताओं ने बढ़ती जनसंख्या को देश के सीमित संसाधनों के कारण अभिशाप बताया। उन्होंने कहा कि अगर जनसंख्या वृद्धि पर काबू कर लिया जाये तो देश के विकास का बहुत बड़ा अवरोध हट जायेगा।
रैली में आशा, एएनएम और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां मुख्य रूप से शामिल रहीं। मुख्य अतिथि ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि अरविंद राठौर ने कहा कि आजादी के बाद देश ने सभी क्षेत्रों में प्रगति की है। लेकिन इसके बावजूद बहुत बड़ी आबादी अभावग्रस्त है। मुख्य वजह यह है कि चाहे जितने संसाधन जुटा दिये जायें लेकिन जनसंख्या में विकराल बढ़ोत्तरी के कारण अंततोगत्वा उन्हें नाकाफी साबित होना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता अमर सिंह मास्टर ने की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डाॅ. विनोद राजपूत ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के प्रभावी प्रयासों के लिए पुरुषों को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि नसबंदी होने की वजह से पुरुषों के लिए किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न नही होती। उन्होंने कहा कि पुरुष वर्ग वहम का शिकार होने की वजह से नसबंदी के लिए तैयार नही होता जबकि परिवार का आकार बड़ा होता जाने से गृहस्थी चलाने की चुनौतियां उसके लिए ही जटिल होती हैं। सीडीपीओ कपिल शर्मा ने भी अपने विचार प्रकट किये।

Leave a Reply