14orai03उरई। औरैया-जालौन मार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस सहाव मोड़ के पास खाई में चली गई। जिससे आधा दर्जन सवारियां घायल हो गई। जिनमें माधौगढ़ क्षेत्र के पूर्व विधायक के भाई भी शामिल हैं। हालांकि सभी सवारियों की हालत खतरे से बाहर है। राहगीरों ने हादसे के बाद घायलों को बस से निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
गुरुवार को सुबह जालौन से औरैया जा रही बस का गुल्ला सहाव मोड़ के पास टूट गया जिससे बस बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में ग्राम शेखपुर बुजुर्ग निवासी पूर्व विधायक संतराम सिंह के भाई 65 वर्षीय यशवंत सिंह और अरविंद सिंह सेंगर सहित आधा दर्जन सवारियों को चोटें आईं। बस को दुर्घटना ग्रस्त होते देख सड़क से गुजर रहे लोगों ने मानवीयता दिखाते हुए तत्काल घायलों को बस के अंदर से निकाला। बाद में उन्हें जालौन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जाती है।
गौरतलब है कि परिवहन विभाग की लापरवाही से जिले में खटारा प्राइवेट बसें सरेआम यात्रियों की जान जोखिम में डालकर दौड़ रहीं हैं। इसके कारण आये दिन कोई न कोई प्राइवेट बस दुर्घटना ग्रस्त होती ही रहतीं हैं। साथ ही बसों के संचालन के समय में कोई सुधार नही किया जा रहा। रामपुरा और कुठौंद से आने-जाने वाली बसें अपनी मंजिल पर पहुंचने में पांच घंटे तक का समय लगा देती हैं। आम आदमी अभी भी इन्हीं बसों में सफर करता है। जिसे इनमें यात्रा करने के लिए भागमभाग और आपाधापी के इस युग में पूरा दिन मजबूरी में बर्बाद करना पड़ता है। ओवर लोडिंग की समस्या इतनी ज्यादा है कि छतों तक सवारियां बैठी रहती हैं जिससे नीचे तक झूलती बिजली की लाइनों और वृक्षों की कठोर डालियों के कारण उनकी जान पर बनी रहती है।

Leave a Reply