
उरई। पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने सहित सात मांगों पर कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के आवाहन पर गुरुवार को माध्यमिक शिक्षक संघ और प्राथमिक शिक्षक संघ ने संयुक्त रूप से कलेक्ट्रेट में हंगामी धरना आयोजित किया। धरने के दौरान ही बारिश शुरू हो गई। इसके बावजूद शिक्षक अपने मोर्चे पर डटे रहे। यहां तक कि महिलाएं शिक्षिकाएं भी भींगती रहने के बावजूद मैदान में ही रहीं और जोशीली नारेबाजी करतीं रहीं।
माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेता डाॅ. राकेश निरंजन ने इस अवसर पर कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार के सामने उत्तर प्रदेश कर्मचारी समन्वय समिति ने कई बार समस्याएं उठाई लेकिन राज्य सरकार ने कभी इनके निदान के लिए गंभीर प्रयास नही किया। इससे प्रदेश के कर्मचारी तथा शिक्षक अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं। यह आंदोलन इसी का नतीजा है। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डाॅ. रवि शंकर अग्रवाल ने कहा कि अगर हमारी मांगों की उपेक्षा की गई तो यह आंदोलन उग्र रूप धारण कर लेगा। धरना सभा की अध्यक्षता प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह भाटिया ने की जबकि संचालन युद्धवीर कंथरिया ने किया।
धरना सभा को माध्यमिक शिक्षक संघ की मंत्री नुसरत जहां, डाॅ. सुरेंद्र कुलश्रेष्ठ, विनोद मिश्रा, विवेक मिश्रा, राजेश मिश्रा, रामजी गुर्जर, विद्यासागर मिश्रा, नरेश निरंजन, जगत सिंह आदि ने भी संबोधित किया। बाद में शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। जिसमें 2005 के पश्चात नियुक्त कर्मचारी और शिक्षकों को राष्ट्रीय पेंशन स्कीम से मुक्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था का लाभ देने, केंद्र सरकार की दर पर मकान किराया भत्ता, परिवहन भत्ता, संतान शिक्षा भत्ता व अन्य भत्ते स्वीकृत करने, स्थाई प्रकृति करने की सेवाओं के पदों पर संविदा, आउट सोर्सिंग, तदर्थ मानदेय आधारित, दैनिक वेतन आधारित तथा कार्य प्रभारित व्यवस्थायें समाप्त करने और ऐसे सभी कर्मचारियों के नियमितीकरण, वेतन विसंगतियों का निराकरण करने, गंभीर बीमारियों के निःशुल्क उपचार का लाभ सचिवालय कर्मचारियों की भांति सभी कर्मचारियों, सेवा निवृत्त सभी सरकारी सेवकों और शिक्षकों को देने और चतुर्थ श्रेणी पदों पर तत्काल नियमित नियुक्तियां करने की मांग की गई है।







Leave a Reply