cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। कांग्रेस ने राज्य में नये सूबेदारों का जो खाका खींचा है उससे भाजपा समेत सभी दलों में उधेड़बुन बढ़ गई है। 16-17 जुलाई को बंुदेलखंड के झांसी में भाजपा ने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक तय कर दी थी लेकिन कांग्रेस के पैतरे का असर समझने के लिए अब भाजपा के नेतृत्व को यह बैठक टालनी पड़ी है।
उत्तर प्रदेश के राजनैतिक धरातल पर बहुत गहरे तक दफन हो चुकी कांग्रेस हाल में राज्य इकाई के नये सिपहसलारों की घोषणा के बाद न सिर्फ जिंदा होकर खड़ी हो गई है बल्कि उसने प्रतिद्वंदी पार्टी के खेमों में डर भरी हलचल मचा दी है। इसके चलते सबसे तेज भाग रही भाजपा को सबसे जोर का झटका लगा है जिससे उसका नेतृत्व फिलहाल सदमे की हालत में पहुंच गया है।
कांग्रेस ने शुरूआत गुलाम नवी आजाद को राज्य का प्रभारी बनाने के साथ की। राजीव गांधी के समय गुलाम नवी आजाद जब उत्तर प्रदेश के प्रभारी थे तब उन्हें लेकर कहा जाता था कि वे जो पहले गुलाम है और आजाद बाद में उत्तर प्रदेश को जलील करके कांग्रेस का कबाड़ा निकालने में कसर नही छोड़ रहे। लेकिन वास्तविकता यह है कि उस समय प्रदेश में उनसे बड़े कद के नेताओं की भरमार थी। बावजूद इसके उन्होंने पूरे प्रदेश को नथ कर रख दिया था। इसीलिए उनके कौशल से परिचित राजनीति के जानकार भांप गये थे कि उनके आने के बाद उत्तर प्रदेश में कांगे्रस कुछ न कुछ ऐसा करेगी जिससे उसकी उपस्थिति महसूस की जाने लगे।
गुलाम नवी आजाद को ही श्रेय है कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वीपी सिंह की शार्गिदी में राजनीति शुरू करने वाले राज बब्बर जैसे साफ-सुथरे और जुझारू नेता का चयन सारे किंतु-परंतु किनारे करके प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कराया जो कि दूसरी पार्टियों को ट्रंप कार्ड की तरह महसूस हो रहा है। राज बब्बर सुनील दत्त की परंपरा के फिल्म स्टार हैं जिन्होंने राजनीति को ध्येय बनाने के बाद जमीनी स्तर पर काम करने में कभी पीठ नही दिखाई। उनका अंदाज अमिताभ बच्चन और गोविंदा जैसे राजनीति में आये फिल्म अभिनेताओं से जुदा है। उनकी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति के बाद राज्य के हर क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की जो हिलोर पैदा हुई उससे पार्टी के फैसले के जबर्दस्त असर का परिचय मिला। इसके बाद शीला दीक्षित को पार्टी की ओर से राज्य के मुख्यमंत्री के प्रत्याशी के रूप में पेश करने को लेकर चल रही ऊहापोह खत्म कराने में भी गुलाम नवी का ही योगदान रहा। मध्य उत्तर प्रदेश में उन्नाव को ब्राहमणों का गढ़ माना जाता है जहां के सबसे शक्तिशाली राजनैतिक परिवार की बहू होने के नाते कांग्रेस के इस पुराने वोट बैंक को समेट कर वापस लाने में वे बड़ी भूमिका अदा करेंगी इसमें कोई संदेह नही है। इसी के साथ राज्य चुनाव अभियान समिति का संयोजक संजय सिंह को बनाने का फैसला भी कम सनसनीखेज नही है। राजनाथ सिंह की ईष्र्या की वजह से संजय सिंह को उनकी उपयोगिता के मुताबिक जगह भाजपा में नही मिल पाई थी जो उनके फिर कांग्रेस में वापस आने का कारण बना। कांग्रेस में भी राजीव गांधी के खिलाफ विद्रोह करने के उनके अतीत को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी में सतर्कता बरती जा रही थी लेकिन यह अवरोध भी गुलाम नवी ने खत्म कराया। अब हालत यह है कि जिस सवर्ण वोट बैंक को भाजपा अपनी जागीर समझ रही थी उसमें सेंध लगते देख पार्टी के रणनीतिकारों के लिए पशोपेश की स्थिति पैदा हो गई है। राज्य कार्यकारिणी की बैठक टालने के पीछे यही कारक माना जा रहा है।
भाजपा ने अभी तक यह फैसला ले रखा है कि मुख्यमंत्री के तौर पर वह किसी चेहरे को प्रोजेक्ट नही करेगी जबकि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में ओबीसी के केशव प्रसाद मौर्य की घोषणा पार्टी द्वारा की जा चुकी है। लेकिन पार्टी को नई परिस्थितियों में अब इस निश्चय पर पुनर्विचार करना पड़ सकता है। ब्राहमण वोटों को शीला दीक्षित की चुनौती के मददेनजर सहेजने के लिए उसे मुख्यमंत्री पद पर इस बिरादरी का चेहरा आगे लाने की मजबूरी महसूस हो रही होगी। जिसके चलते योगी आदित्य नाथ की दावेदारी कमजोर पड़ गई है। भाजपा के सामने चुनाव के लिए मुददे की तलाश की चुनौती भी अब आ गई है। जहां तक विकास के नाम पर चुनाव लड़ने के पहले तय किये गये इरादे का प्रश्न है। दिल्ली के मुख्यमंत्रित्व के रिकार्ड की वजह से शीला दीक्षित के आगे यह कार्ड खेलना उल्टा दाव साबित हो सकता है। मुलायम सिंह पर मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप रहा है। जिसके जबाव में भाजपा का उग्र हिंदुत्व का कार्ड पहले जरूर असरदार था लेकिन उत्तर प्रदेश के मतदाता कुल जमा मध्यमार्गीय है जिन्हें कांग्रेस की सबको साथ लेकर चलने की नीति उसके मुकाबले में आ जाने पर लुभा सकती है। इसलिए हिंदुत्व के कार्ड को खेलने के बारे में भी भाजपा को नये सिरे से सोचना पड़ेगा।
हालांकि कितनी भी अनुकूल स्थितियों के बावजूद कांग्रेस के आधा सैकड़ा से ज्यादा सीटें पार करने की उम्मीद कोई नही कर रहा लेकिन अगर उसे इतनी सीटे मिल जाती है तो सपा, बसपा और भाजपा तीनों के समीकरण गड़बड़ा जायेगे। इसलिए भाजपा नई व्यूह रचना करने के पहले कांग्रेस के पिक्चर में आने से किसको सबसे ज्यादा नुकसान होगा इसे अंदाज लेना चाहती है। कार्यकारिणी की बैठक टालकर उसने इसकी मोहलत हासिल करने की कोशिश की है।

Leave a Reply