उरई। गुमशुदा बच्चों के मामले में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने संवेदनशीलता दिखाई है। ठंडे बस्ते मेें डाले जा चुके तमाम ऐसे मामलों को खंगालकर गुम बच्चों के अभिभावकों के साथ उन्होंने पुलिस कार्यालय में बैठक की और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनके बच्चे को वापस लाने में कोई कोर कसर नही छोड़ी जायेगी।
गुमशुदा बच्चों के मामलों में पुलिस की निष्ठुरता के चलते खाकी पर से जन मानस का विश्वास ही उठता जा रहा है। दो वर्ष पहले हुलकी माता मंदिर से नवरात्रि के दिन गोद की एक बच्ची को गायब कर दिया गया था। जिसका आज तक पता नही चला। विनायक एकेडेमी स्कूल के गायब छात्र के मामले मे भी पुलिस ने गैर इंसानियत की सारी सीमाएं तोड़ दीं। स्कूल संचालक के मोटे आसामी होने की वजह से पुलिस इस मामले में शुरू से ही कोई दिलचस्पी नही दिखा रही है। यह तो बेहद चर्चित मामले हैं लेकिन जिले भर में दर्जनों गायब बच्चे हैं जिनके माता-पिता की सुनवाई कर तसल्ली देना तो दूर उन्हें बेइज्जत करके भगा देने में भी पुलिस ने संकोच नही दिखाया।
लेकिन वर्तमान एसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बच्चों के गायब होने के मामलों की संजीदगी को समझा। उन्होंने आज पुलिस कार्यालय में एक गोष्ठी की जिसमें पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ गायब बच्चों के अभिभावकों को भी बुलाया। गायब आकाश के पिता सुरेश, महेंद्र कुमार के जगदीश प्रसाद, जितेंद्र कुमार की मां सुमन और पार्वती के अभिभावक जितेंद्र आदि इसमें उपस्थित थे। एसपी ने उनसे कहा कि पुलिस उनके दर्द को महसूस करती है। इसलिए वे यह न समझे कि पुलिस ने उनके बच्चों के मामले में किसी तरह का लेनादेना रखने का ख्याल बना लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस आखिरी तक कोशिश करेगी कि उनके बच्चे वापस लाये जा सकें। उनसे निरंतर संवाद रखा जायेगा और उनके द्वारा दी जाने वाली सूचनाओं पर पूरी गंभीरता से छानबीन की जायेगी। पुलिस अधीक्षक का आश्वासन सुनकर ना उम्मीद हो चुके खोये बच्चों के अभिभावकों के आंसू छलक उठे। पुलिस अधीक्षक ने उनका बच्चा कैसे गायब हुआ, बच्चा कहां गया इस बारे में उनका क्या अनुमान है आदि बिंदुओं पर उनसे चर्चा की और पूरी संजीदगी के साथ उनके बयान नोट किये। इस गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद, कदौरा के प्रभारी निरीक्षक रुद्र कुमार, डकोर के थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन, उप निरीक्षक मिथलेश कुमार, थाना कालपी के उप निरीक्षक रमेश सिंह आदि उपस्थित रहे।







Leave a Reply